Delhi Weather: दिल्ली में फिलहाल नहीं थमने वाली बारिश, IMD ने जारी किया 1 सितंबर तक का मौसम अपडेट
नई दिल्ली में बुधवार को बादल छाए रहने और गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग ने 1 सितंबर तक ऐसे ही मौसम का अनुमान जताया है। बारिश के कारण दिल्ली की वायु गुणवत्ता संतोषजनक बनी हुई है जिसका एयर इंडेक्स 55 दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा बारिश नजफगढ़ में हुई।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। बुधवार को भी दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। दोपहर या शाम को गरज के साथ बादलों के बनने के साथ एक-दो दौर की हल्की बारिश की संभावना है। इससे गर्मी कुछ कम हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 1 सितंबर तक हर दिन बादल छाए रहने और हल्की बारिश का अनुमान है।
मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री कम 31.6 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री कम 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 100 से 80 फीसदी तक रहा। जहां तक बारिश की बात है, तो सफदरजंग बीच पर सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच 1.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 12.5 मिमी बारिश नजफगढ़ में दर्ज की गई।
उधर, बारिश के असर से दिल्ली की हवा लगातार साफ बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 55 दर्ज किया गया। इस स्तर की हवा को "संतोषजनक" श्रेणी में रखा गया है। फिलहाल, वायु सूचकांक इसी के आसपास रहेगा।
मंगलवार सुबह से शाम तक कितनी बारिश हुई
स्थान | वर्षा (मिमी में) |
---|---|
सफदरजंग | 1.6 |
पालम | 8.0 |
लोधी रोड | 1.1 |
रिज | 10.4 |
आयानगर | 5.1 |
नजफगढ़ | 12.5 |
मयूर विहार | 1.0 |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।