Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    DUSU Election: डूसू चुनाव से पहले मनोज कुमार सिंह बने नए प्राक्टर, सुरक्षा व्यवस्था पर रहेगा फोकस

    Updated: Wed, 20 Aug 2025 07:26 AM (IST)

    दिल्ली विश्वविद्यालय ने छात्रसंघ चुनावों से पहले प्रो. मनोज कुमार सिंह को नया प्राक्टर नियुक्त किया है। कुलपति प्रो. योगेश सिंह की सिफ़ारिश पर यह निर्णय लिया गया। डूसू कार्यालय में तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो गई है। विश्वविद्यालय का लक्ष्य है कि छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से हों।

    Hero Image
    डीयू में नए प्राक्टर प्रो. मनोज सिंह को दायित्व सौंपते कुलपति प्रो. योगेश सिंह। सौजन्य डीयू

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय ने छात्रसंघ चुनावों से पहले महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव करते हुए प्रो. मनोज कुमार सिंह (विभाग–मानवशास्त्र) को नया प्राक्टर नियुक्त किया है। यह नियुक्ति 19 अगस्त को आयोजित कार्यकारी परिषद की विशेष बैठक में कुलपति प्रो. योगेश सिंह की अनुशंसा पर अनुमोदित की गई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह निर्णय ऐसे समय लिया गया है जब विश्वविद्यालय 18 सितंबर को होने वाले डीयू छात्रसंघ (डूसू) चुनाव की तैयारियों में व्यस्त है। प्राक्टर का दफ्तर परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा प्रबंधन का मुख्य जिम्मेदार होता है।

    हाल ही में डूसू कार्यालय पर बार-बार हुई तोड़फोड़ और छात्र नेताओं के वाहनों को नुकसान पहुंचाए जाने की घटनाओं के बाद यह पद और भी अहम हो गया है। प्राक्टर का पद प्रो. रजनी अब्बी के दक्षिणी परिसर निदेशक नियुक्त होने के बाद से रिक्त था। वह अतिरिक्त तौर पर प्राक्टर का भी कार्य देख रहीं थीं।

    अब प्रो. मनोज कुमार सिंह की नियुक्ति को परिसर में शांति बहाल करने और चुनावी माहौल में सुरक्षा को पुख्ता करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। विश्वविद्यालय समुदाय का मानना है कि लगातार हो रही घटनाओं ने कैंपस सुरक्षा को चुनावी मुद्दा बना दिया है।

    ऐसे में नए प्राक्टर की सबसे बड़ी चुनौती डीयू परिसर में न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना होगा, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी होगा कि छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हो सकें।