दिल्ली में तेजी से बढ़ रहा मलेरिया, एक हफ्ते में दोगुनी हुई मरीजों की संख्या; डेंगू के मामले भी बढ़े
दिल्ली में मच्छरजनित रोग बढ़ रहे हैं खासकर मलेरिया। पिछले सप्ताह मलेरिया के 60 नए मामले आए। चिकनगुनिया के भी 14 नए मरीज मिले हैं। डेंगू के मामलों में भी थोड़ी वृद्धि हुई है। निगम के अनुसार मलेरिया के 431 मामले दर्ज हुए हैं जो कि पिछले चार सालों में सबसे अधिक हैं। मच्छरों से बचाव के लिए निगम लोगों को जागरूक कर रहा है।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में मच्छरजनित बीमारियों में खासतौर पर मलेरिया से खतरा लगातार बढ़ रहा है। आलम यह है कि मलेरिया के मामलों में लगभग दोगुनी तेजी से वृद्धि हो रही है। पिछले सप्ताह मलेरिया के 60 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। जबकि इससे पहले के हफ्ते में इनकी संख्या 38 थी।
इसी प्रकार चिकनगुनिया के 14 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। जबकि उससे पूर्व के सप्ताह में नौ ही मरीज दर्ज किए गए थे। हालांकि डेंगू के मामलों में भी वृद्धि हो रही लेकिन अंतर खास नहीं है। सितंबर में खत्म हुए आखिरी सप्ताह में डेंगू के 74 मरीज थे जो कि अक्टूबर के पहले सप्ताह में 81 मरीजों में इसकी पुष्टि हुई है।
निगम की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक इस वर्ष अब तक मलेरिया के 431 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है, जो कि पिछले चार वर्षों में सबसे अधिक है। इसी प्रकार चिकनगुनिया की अब तक कुल मरीजों की संख्या 75 हो चुकी है। यह पिछले वर्ष से 51 अधिक है।
डेंगू के कुल मरीजों की संख्या इस समय 840 है जो पिछले वर्ष 1,630 मरीजों के मुकाबले लगभग 50 प्रतिशत कम है। निगम के मुताबिक मलेरिया का सर्वाधिक प्रकोप एमसीडी के पश्चिमी और मध्य दिल्ली जोन में है। पश्चिमी जोन में अब तक 66 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। मध्य दिल्ली जोन में 56 मरीजों की पुष्टि हुई।
वर्ष 2025 में क्या है कार्रवाई की स्थिति
- कितने घरों में पाया मच्छरों का लार्वा-2,15,652
- कानूनी नोटिस भेजे गए-1,41,187
- कितने लोगों के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई शुरू की गई-2,75,00
- कितने लोगों के चालान काटे गए- 6,408
क्षेत्रानुसार डेंगू मलेरिया और चिकनगुनिया के मरीजों की संख्या 2025 में
निकाय | मलेरिया | डेंगू | चिकनगुनिया |
---|---|---|---|
एमंसीडी | 415 | 707 | 69 |
एनडीएमसी | 0 | 19 | 2 |
दिल्ली कैंट | 9 | 94 | 2 |
रेलवे | 7 | 20 | 2 |
पूर्व के वर्षों की तुलनात्मक स्थिति
वर्ष | डेंगू | मलेरिया | चिकनगुनिया |
---|---|---|---|
2021 | 341 | 113 | 56 |
2022 | 937 | 125 | 23 |
2023 | 3478 | 321 | 24 |
2024 | 1630 | 430 | 55 |
2025 | 840 | 431 | 75 |
नोटः मरीजों के आंकड़े प्रत्येक वर्ष एक जनवरी से लेकर 4 अक्टूबर तक के हैं।
इन बातों का रखेंगे ध्यान तो बीमार होने की अशंका हो जाएगी कम
-घर में सजावटी पौधों के गमलों में पानी तीन से चार दिन में बदलते रहें
-कूलर को साफ रखें और उसका पानी भी तीन से चार दिन में बदलते रहें
-छत पर टूटे हुए कप प्लेट, खुले डब्बे गमले आदि में पानी जमा न होने दें
-पानी की टंकी को ढककर रखें
-पानी के कंटेनर में पानी इकट्ठा रखें तो ढककर रखें, नहीं तो चार दिन में उसे खाली करते रहें
-विंडो एसी से पानी निकलता है तो वह किसी बर्तन या छत पर इकट्ठा न हो ऐसी व्यवस्था रखें
-पूरी बाजू के कपड़े पहन कर रखें। पार्क में जाए तो पूरी बाजू के कपड़ो के साथ जूते व जुर्राब व पैरो तक बदन को ढके रखें ।
मलेरिया के लक्षण (मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से होता है)
- अचानक तेज बुखार
- गंभीर सिरदर्द, खासकर आंखों के पीछे।
- मांसपेशियों और जोड़ों में तेज दर्द (''हड्डी तोड़ बुखार'' के नाम से भी जाना जाता है)।
- उल्टियां होना
- शरीर पर लाल चकत्ते।
डेंगू के लक्षण (मादा एडीज मच्छर के काटने से होता है)
-पसीना आना।
-सिरदर्द।
-उल्टियां होना
-मांसपेशियों में दर्द।
हम लगातार लोगों को जागरू करने का काम कर रहे हैं। हमारे कर्मचारी घर-घर जाकर मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए जांच कर रहे हैं। साथ ही फागिंग के अलावा मच्छररोधी दवाओं का छिड़काव भी किया जा रहा है। - राजा इकबाल सिंह, महापौर, दिल्ली
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।