दिल्ली में आज हो सकती है हल्की बारिश, अगले पांच दिन कैसा रहेगा वेदर; पढ़ें IMD का ताजा अपडेट
दिल्ली में मंगलवार को भी हल्की बारिश हुई जिससे उमस भरी गर्मी बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी हल्की वर्षा हो सकती है। मंगलवार को हीट इंडेक्स 44 डिग्री से अधिक था। अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वर्षा और हवा के कारण दिल्ली का एयर इंडेक्स 89 दर्ज किया गया जो संतोषजनक है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मौसमी उतार चढ़ाव के बीच राजधानी हल्की वर्षा का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। बादलों की लुका- छिपी के बीच धूप भी निकली। लेकिन उमस भरी गर्मी भी बनी रही। बुधवार को भी हल्की वर्षा हो सकती है। उमस वाली गर्मी भी बरकरार रहेगी।
बादलों की लुकाछिपी और हल्की वर्षा होने के बावजूद मंगलवार को हीट इंडेक्स 44 डिग्री से अधिक था। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा।
वहीं न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री रहा। यह सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक रहा। हवा में नमी का स्तर 61 से 89 प्रतिशत तक रहा। सफदरजंग में बूंदाबांदी हुई।
पालम में 4.6 मिमी, लोदी रोड में बूंदाबांदी, रिज में तीन मिमी, आया नगर में बूंदाबांदी, भारत मंडपम में 13.1 मिमी, पूसा में 1.0 मिमी, मयूर विहार में 8.5 मिमी और नजफगढ़ में 1.5 मिमी के अलावा जनकपुरी में तीन मिमी वर्षा हुई। सुबह करीब साढ़े बजे 11 बजे हीट इंडेक्स 44.3 डिग्री रहा।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। हल्की वर्षा हो सकती है। यह दोपहर या शाम के समय होगी। अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री तक रह सकता है।
बृहस्पतिवार से 25 अगस्त तक बादल छाए रहेंगे। शुक्रवार और शनिवार को वर्षा थोड़ा बढ़ सकती है। इसके बाद इसमें फिर कमी आ जाएगी। अगले पांच दिन तक अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री जबकि न्यूनतम 21 से 25 डिग्री तक रह सकता है।
दूसरी तरफ वर्षा और हवा के असर से फिलहाल दिल्ली की हवा साफ ही चल रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 89 दर्ज किया गया। इस स्तर की हवा को ''संतोषजनक'' श्रेणी में रखा जाता है। हाल फिलहाल एयर इंडेक्स इसी के करीब बना रहेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।