दिल्ली में दो दिन 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
दिल्ली में बृहस्पतिवार और शुक्रवार को तेज हवाएं चलने की संभावना है इसके साथ ही मौसम विभाग ने आंशिक बादल छाए रहने की भविष्यवाणी की है। हवा की रफ्तार 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। स्काईमेट वेदर के अनुसार मानसून 25 सितंबर के आसपास विदा हो सकता है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में बृहस्पतिवार और शुक्रवार को 20 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहने और पश्चिमी हवाओं के चलने की संभावना जताई है।
हालांकि बुधवार को राजधानी में दिन भर आंशिक रूप से बादल छाए रहे। दोपहर में धूप होने से लोगों को गर्मी का भी अहसास हुआ, लेकिन सुबह और शाम हवा में नमी होने से लोगों को कुछ राहत मिली।
बुधवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस अधिक था।
जबकि न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, यह सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस अधिक था। हवा में नमी का स्तर 87 से 59 प्रतिशत दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 और 15 डिग्री रहने की संभावना है।
स्काईमेट वेदर के मुताबिक बादल छंटना व वर्षा का दौर खत्म होना मानसून की विदाई का पहला संकेत है।
ऐसे में कहा जा सकता है कि इस साल मानसून दिल्ली से अपनी तय तिथि 25 सितंबर के आसपास ही विदाई ले लेगा। ज्ञात हो कि पिछले साल यह अक्टूबर के पहले सप्ताह में दो तारीख के आसपास विदा हुआ था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।