Bottleneck: पहाड़ के समान है पहाड़गंज का ट्रैफिक जाम, 30 मिनट में तय होती है एक किलोमीटर की दूरी
देश बंधु गुप्ता रोड पर अजमेरी गेट से करोल बाग तक जाम की समस्या बनी हुई है जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। पहाड़गंज में अतिक्रमण और यातायात नियमों के उल्लंघन के कारण जाम लगता है। सरकार ने फ्लाईओवर बनाने की योजना बनाई है लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि लोडिंग-अनलोडिंग पर प्रतिबंध लगाना और पुलिस की मुस्तैदी बढ़ाना जरूरी है।

वीके शुक्ला, नई दिल्ली। अजमेरी गेट लालबत्ती से पहाड़गंज हाेते हुए करोल बाग और देव नगर तक सात किलोमीटर लंबे देश बंधु गुप्ता रोड पर जाम से लोग वर्षों से जूझ रहे हैं।
यहां से गुजरने वाले लोगों से लेकर विशेषज्ञों तक को विकराल हो चुकी इस समस्या का अहसास है, मगर किसी काे इस समस्या से सरोकार नहीं है तो वह सरकार है।
पिछले 10 साल तक सत्ता में रही आम आदमी पार्टी की सरकार ने यहां के जाम को दूर करने के लिए कुछ नहीं किया, अभी भी इस इलाके से आप के ही दोनों विधायक है।
अब दिल्ली में भाजपा सत्तासीन है, इस सरकार को भी सात माह गुजर चुके हैं, मगर इस सरकार ने भी यहां का जाम दूर करने के लिए कोई विशेष ध्यान नहीं दिया है।
ऐसे में 15 से 20 मिनट में तय होने वाली यात्रा 50 से 60 मिनट तक लगते हैं। सुबह हो या दोपहर या शाम हर समय यहां जाम रहता है।
पहाड़गंज में अतिक्रमण होने से यहां जाम की समस्या है तो रानी झांगी गोल चक्कर से आगे देव नगर तक अत्यधिक लालबत्ती होने के कारण भी समस्या बढ़ रही है। इस सात किलोमीटर लंबे मार्ग पर एलिवेटेड काॅरिडोर ही जाम का समाधान माना जा रहा है।
देशबंधु गुप्ता रोड के ऐसे हैं हालात
आज हम जिस देशबंधु गुप्ता रोड की अव्यवस्था को आप के सामने ला रहे हैं। यह मार्ग अजमेरी गेट लालबत्ती से शुरू होकर देव नगर तक जाता है। हम मंगलवार को इस मार्ग की पड़ताल करने निकले थे।
मन में था कि पहाड़गंज पहुंचकर पड़ताल पर काम शुरू करेंगे, मगर हम अजमेरी गेट चौराहा पर ही जाम में फंस गए। जो कुछ सामने आया वह यह था कि अजमेरी गेट चौराहा पर यातायात अव्यवस्था के कारण जाम लगा दिखाई दिया।
यह बात सही है कि यहां यातायात का दबाव अधिक है, मगर जाम की एक मुख्य वजह लोगों द्वारा यहां यातायात नियमों का पालन नहीं करना भी है।
लोग अपनी मनमर्जी से वाहन लेकर बेतरतीब तरीके से इधर-उधर से बीच यातायात में घुसते दिखाई दिए, इससे भी जाम बढ़ रहा था।
साइकिल रिक्शा से अधिक यहां अब ई रिक्शा वाले ऐसा करते दिखाई दिए। यह भी देखा गया कि अपनी लेन में सही दिशा में जा रहे वाहन चालकों द्वारा टोकने पर गलत दिशा से आ रहे ई-रिक्शा वाले उन्हें ही धमका रहे थे।
लगाए गए यातायात पुलिस कर्मियों की संख्या बहुत कम थी,और नियम तोड़ने वालों में उनका डर नहीं था। निगम मुख्यालय से 200 मीटर की दूरी पर स्थित यहां बने पेशाबघर का गंदा पानी चौराहे तक बह रहा था और चौक के पास लोगों का खड़े होना मुश्किल था।
यहां से शुरू हो रहे देशबंधु गुप्ता रोड पर जब पहाड़गंज की ओर 100 मीटर ही चले होंगे कि नई दिल्ली के रेलवे ओवर ब्रिज ही नहीं पार कर पाए कि फिर जाम में फंस गए। फिर यहां से पहाड़गंज लालबत्ती तक वाहनों की रफ्तार रेंग रेंग कर जाने वाली रही।
यह करीब एक किलोमीटर की दूरी 30 मिनट में तय हुई। पहाड़गंज लालबत्ती पर भी अव्ययस्था का आलम था। इस लालबत्ती से रानी झांसी गोल चक्कर के बीच कुछ राहत दिखी। इस लालबत्ती पर अव्यवस्था और फिर देव नगर तक हर लालबत्ती पर अव्यवस्था नजर आई।
एक तो लालबत्तियों की संख्या अधिक और दूसरे यातायात पुलिस कर्मियों की कम संख्या या गैर मौजूदगी से यहां अव्यवस्था में इजाफा हो रहा है।
अगर आप अपने वाहन से भी हैं तो कुल मिलाकर इस करीब सात किलोमीटर के मार्ग के लिए आप को एक घंटे का समय लेकर चलना पड़ेगा। यही हाल देव नगर से अजमेरी गेट की ओर वाली इस मार्ग की सड़क का भी है।
यहां इसलिए भी लगता है जाम
पहाड़गंज की बात करेंगे तो पहाड़गंज में जाम का बड़ा कारण व्यावसायिक गतिविधियों के सामान की लोडिंग अनलोडिंग और सड़क पर वाहनों की पार्किग भी है। अजमेरी गेट की तरफ से पहाड़गंज लालबत्ती की ओर जाने वाली सड़क पर पूरी तरह से अतिक्रमण है।
इस वाली सड़क के फुटपाथ के अधिकतर भाग पर दुकानों का सामान पड़ा होता है। कई जगह पर कारें इस तरह पार्क होती हैं कि कोई भी पैदल नहीं निकल पाएगा।
कई बार सड़क पर ही लोग अपनी कार खड़ी करते हैं। कई बार ठेलियों वाले सामान लेकर गलत दिशा में चलते हैं और इससे भी जाम लगता है।
हजारों लोग प्रतिदिन यहां जाम में फंसकर परेशान होते हैं या यूं कहें कि यहां से गुजरने वाले दैनिक लोगों की जाम में फंसना आदत बन चुकी है। अतिक्रमण को लेकर नगर निगम भी अंजान बना हुआ है।
इस मार्ग पर इतनी हैं लालबत्तियां
- अजमेरी गेट चौक
- पहाड़गंज लाल बत्ती
- रानी झांसी गोल चक्कर
- कालका दास चौक
- अब्दुल अजीज रोड लाल बत्ती
- पीपी ज्वेलर्स लाल बत्ती
- आचार्य गणेश शास्त्री चौक
- गुरु रविदास चौक
- महाराजा अग्रसेन चौक
- भगवान महावीर चौक
- अग्रवाल स्वीट चौक
- देवनगर एमसीडी ऑफिस मोड़
डीबीजी गुप्ता रोड का सरकसर कराएगी व्यवहार्यता अध्ययन
दिल्ली सरकार की पहाड़गंज इलाके से गुजरने वाले देश बंधु (डीबी) गुप्ता रोड पर प्रमुख लालबत्ती पर फ्लाईओवर बनाने की योजना है। इस परियोजना के लिए सात किलोमीठर लंबे इस मार्ग का व्यवहार्यता अध्ययन कराए जाने का फैसला लिया गया है। ताकि पूरे मार्ग पर जाम की समस्या से निजात दिलाई जा सके। यहां लोग वर्षों से जाम की समस्या से जूझ रहे हैं।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ
पहाड़गंज में वर्षों से जाम की समस्यार है और बढ़ती जा रही है। समस्या का त्वरित निदान यही है यहां पर दिन के समय माल की लोडिंग अनलोडिंग पर बिल्कुल प्रतिबंध लगाया जाए।
व्यावसायिक गतिविधियों के तहत सामान फुटपाथ पर न रखा जाए और पार्किंग को सड़क पर बिल्कुल बंद कर दिया जाए। यही एक उपाय है अन्यथा और किसी माध्यम से यहां पर जाम को दूर नहीं किया जा सकता है।
जाम से स्थानीय व्यापारियों का भी नुकसान होता है, उन्हें भयंकर प्रदूषण में रहना पड़ता है और उनके कारोबार पर भी असर पड़ता है। वे यह बात समझेंगे तो जाम दूर करने में सहयोग करेंगे।
इसी तरह अजमेरी गेट चौराहा, पहाड़गंज लालबत्ती चौक और रानी झांसी गोल चक्कर पर यातायात पुलिस की मुस्तैदी बढ़ाने की सख्त जरूरत है ताकि लोग डरें और नियमों का पालन करें।
रानी झांसी गोल चक्कर से देव नगर तक अत्यधिक लालबत्तियां हैं, कुछ को बंद किया जाए और कुछ पर यू टर्न बनाए जाने चाहिए। जिससे कि लोग बगैर लालबत्ती के आगे जा सकें। भविष्य की लंबी योजनाओं में यहां एलिवेटेड काॅरिडोर पर भी विचार किया जा सकता है।
- प्रोफेसर सेवाराम, ट्रांसपोर्ट प्लानिंग, योजना तथा वास्तुकला स्कूल-दिल्ली
देशबंधु गुप्ता रोड पर वाहनों का अत्यधिक दबाव है, यहां जाम की समस्या रहती है। जाम की समस्या को कम करने के उद्देश्य से मेजर जंक्शन पर यातायात पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ाई जा रही है, नो एंट्री का सख्ती से पालन किया जा रहा है। वहां सभी प्रयास किया जा रहे हैं कि जिससे जाम की समस्या को कम किया जा सके और लोगों को राहत दी जा सके।
- मोनिका भारद्वाज, संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात)
यह भी पढ़ें: Bottle Neck: नहीं खोजा जा रहा सराय काले खां पर ट्रैफिक जाम का समाधान, भविष्य में हालात और होंगे खराब
यह भी पढ़ें: Chandgi Ram Akhara: सरकारें बदल गईं, लेकिन नहीं खत्म हुआ चंदगीराम अखाड़ा लालबत्ती का जाम
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।