'मोदी विरासत और विकास के सेतु', CM रेखा गुप्ता ने PM मोदी को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मोदी जी के दृढ़ संकल्प और भारत को सशक्त बनाने में उनके योगदान की सराहना की। उनके नेतृत्व में भारत ने आर्थिक सुधार सामाजिक उत्थान और अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरव प्राप्त किया है। दिल्ली सरकार उनके जन्मदिन को सेवा पखवाड़ा के रूप में मना रही है और 75 नई सेवाएं जनता को समर्पित कर रही है।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। भारतीय राजनीति के इतिहास में विरले ही ऐसे व्यक्तित्व हुए हैं, जिन्होंने अपने दृढ़ संकल्प, अटूट इच्छाशक्ति, अनूठी कार्यशैली और अथक परिश्रम से पूरे देश की दिशा और दशा बदल दी। निस्संदेह, भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी इनमें सर्वोपरि हैं। प्रधानमंत्री के रूप में बीते 11 वर्षों से अधिक समय में उन्होंने हर भारतीय को परिवर्तन की इस महान यात्रा का सहभागी बनाया है। यह यात्रा एक सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत की नींव रखने वाली रही है।
आज जब प्रधानमंत्री जी अपने जीवन के 75 वर्ष पूरे कर रहे हैं तो मैं दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं अर्पित करती हूं। प्रधानमंत्री मोदी जी ने शासन को केवल प्रशासन नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम बनाया। आर्थिक सुधार हों, सामाजिक उत्थान की पहल हो या अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ाना- हर क्षेत्र में उन्होंने भारत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।
गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक उनकी 24 वर्षों की सतत सेवा ने शासन की एक ऐसी कार्य संस्कृति विकसित की है, जिसमें सेवा और समय पर लक्ष्य प्राप्ति सर्वोपरि है। मोदी जी ने उन गुमनाम स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान दिलाया, जिनका योगदान अक्सर इतिहास के पन्नों में दबकर रह गया था। महात्मा गांधी जी के स्वच्छता और स्वदेशी के विचारों को उन्होंने ‘स्वच्छ भारत’ और ‘वोकल फार लोकल’ के रूप में जन आंदोलन बना दिया।
डा. आंबेडकर के सामाजिक समरसता के विचार को ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र से साकार किया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के विचारों को उन्होंने गरीब कल्याण योजनाओं के माध्यम से व्यावहारिक रूप दिया, जिससे करोड़ों लोग गरीबी से बाहर निकले। डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को अनुच्छेद 370 हटाकर साकार किया। मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने ‘वूमन लेड डेवलपमेंट’ की अवधारणा को आगे बढ़ाया है।
‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। आज हमारी माताएं और बहनें स्टार्टअप, सेना, विज्ञान और हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं। यह नया भारत नारी शक्ति के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री जी कार्यकर्ताओं को संगठन का हृदय मानते हैं। संगठन मंत्री के दिनों से ही वे कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में सहभागी रहे और आज भी अपनी व्यस्तताओं के बावजूद उनकी चिंता करते हैं।
परंपरा और आधुनिकता के बीच संतुलन साधने की उनकी अद्भुत क्षमता भारत को एक ऐसा विकसित राष्ट्र बनाएगी, जो अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जड़ों से भी जुड़ा रहेगा। बतौर मुख्यमंत्री मैंने अनुभव किया है कि मोदी जी का मार्गदर्शन हमेशा व्यापक और स्पष्ट रहा है। किसी भी योजना की गहराई और उसके दूरगामी प्रभावों पर उनकी दृष्टि अत्यंत मूल्यवान होती है। यही कारण है कि दिल्ली भी तेजी से एक विकसित और आधुनिक राजधानी की ओर बढ़ रही है।
प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन को पूरे देश में ‘सेवा पखवाड़ा’ के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर दिल्ली सरकार 75 नई सेवाएं और योजनाएं जनता को समर्पित कर रही है। यह प्रधानमंत्री जी की सेवा, समर्पण और लोककल्याण की भावना से प्रेरित है। आज जब भारत का हर नागरिक उनके नेतृत्व में आत्मविश्वास से भरा हुआ है, हम गर्व से कह सकते हैं कि नरेंद्र मोदी जी ने यह सिद्ध कर दिया है कि सत्ता केवल सेवा का माध्यम है।
उनके मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार दिल्ली और देश के हर नागरिक के लिए समृद्धि और सशक्तीकरण के नए द्वार खोल रही है। एक बार पुनः मैं माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को उनके 75वें जन्मदिवस पर हृदय से शुभकामनाएं देती हूं और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करती हूं।
आज जब प्रधानमंत्री जी अपने जीवन के 75 वर्ष पूरे कर रहे हैं तो मैं दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं अर्पित करती हूं
- मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।