दिल्ली में शराब की दुकान में घुसकर सेल्समैन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, बदमाशों ने लाठी-डंडों से भी पीटा
दिल्ली के भारत नगर में एक सरकारी शराब की दुकान में सेल्समैन पर हमला हुआ। चार हमलावरों ने सेल्समैन ज्ञानपाल सिंह को चाकू और लाठी-डंडों से घायल कर दिया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है पुरानी रंजिश की आशंका है। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान की जा रही है।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। भारत नगर थाना क्षेत्र में रविवार रात सरकारी शराब की दुकान के एक सेल्समैन पर बदमाशों ने चाकू और डंडे से हमला कर दिया। बदमाशों ने इस दौरान सेल्समैन के गर्दन, हाथ और पैर में आधा दर्जन से अधिक चाकू से वार किए।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। पीड़ित की पहचान 52 वर्षयी ज्ञानपाल सिंह के रूप में हुई है। घायल को पास के ही अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घायल शख्स अभी बयान देने की हालत में नहीं है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस ने हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि रविवार रात भारत नगर थाना पुलिस को निमरी कॉलोनी कॉम्प्लेक्स सी-8 स्थित एक सरकारी शराब की दुकान में चाकूबाजी की सूचना मिली।
मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि शराब की दुकान में काम करने वाले सेल्समैन ज्ञानपाल सिंह पर कुछ अज्ञात बदमाशों ने चाकू के कई वार किए हैं। स्थानीय लोगों ने उसे दीप चंद बंधु अस्पताल लेकर गए हैं।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि चाकू और हॉकी स्टिक से लैस चार लोगों ने पीड़ित पर हमला किया। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें हमलावरों को पीड़ित पर हमला करते देखा गया।
पुलिस ने क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया। टीम ने वहां का निरीक्षण कर साक्ष्य हासिल किए। पुलिस टीम वहां से अस्पताल पहुंची, जहां पीड़ित का इलाज चल रहा है। वह अभी बयान देने की हालत में नहीं है। हालांकि शुरुआती जांच में उनका किसी व्यक्ति से पुरानी दुश्मनी की बात सामने आई है।
पुलिस दुकान प्रबंधक सहित अन्य प्रत्यक्षदर्शियों का बयान दर्ज कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में कैद नकाबपोश बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय मुखबिरों से भी इसके बारे में जानकारी ली जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।