Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आनंद विहार से अप्सरा बॉर्डर फ्लाईओवर से पेड़ हटाने के बाद समतल नहीं की सड़क, वाहन चालकों को लगता है झटका

    Updated: Tue, 07 Oct 2025 07:27 AM (IST)

    पूर्वी दिल्ली में आनंद विहार से अप्सरा बॉर्डर की ओर जाने वाले फ्लाईओवर पर सड़क ऊंची-नीची हो गई है। पहले यहाँ पेड़ थे जिन्हें हटाने के बाद कंक्रीट से भर दिया गया जिससे सतह असमान हो गई है। वाहन चालकों को झटके लग रहे हैं खासकर दोपहिया वाहन चालकों को संतुलन बिगड़ने का खतरा है। स्थानीय विधायक ने कहा है कि इसे जल्द ही ठीक कर दिया जाएगा।

    Hero Image
    फ्लाईओवर से पेड़ हटाने के बाद समतल नहीं की सड़क, वाहन चालकों को लगता है झटका

    जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। आनंद विहार से अप्सरा बार्डर की ओर जाने वाले फ्लाईओवर पर उन तीन स्थानों पर सड़क ऊंची-नीची है, जहां से कुछ समय पहले पेड़ हटाए गए थे। पेड़ उखाड़ने के बाद सड़क को समतल करने की बजाए उन स्थानों को सिर्फ कंक्रीट से भर दिया गया। इसका नतीजा यह रहा कि जहां कंक्रीट डाली गई, वह जगह ऊंची हो गई। उसके आसपास सड़क का हिस्सा नीचे हो गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अब वहां से वाहन गुजरने पर उछल जाता है। उसमें बैठे लोगों को जोरदार झटका महसूस होता है। ऐसे में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। रोजाना इस फ्लाईओवर का उपयोग करने वाले वाहन चालक परेशान होते हैं। खासतौर पर दोपहिया वाहन चालकों को झटका लगने पर संतुलन बिगड़ने का खतरा बना रहता है।

    इस फ्लाईओवर का उद्घाटन पिछले वर्ष दिसंबर में हुआ था। उस समय इस फ्लाईओवर के आनंद विहार से अप्सरा बार्डर जाने वाले हिस्से पर तीन पेड़ लगे थे। उन पेड़ों को काटने की अनुमति नहीं मिली थी। इस कारण पीडब्ल्यूडी ने पेड़ के आसपास सीमेंटेड बैरियर लगाकर इसे वाहन चालकों के लिए खोल दिया था।

    कुछ माह पहले अनुमति मिलने पर पेड़ हटा दिए गए। उनको उखाड़ने के बाद खाली जगह पर पीडब्ल्यूडी ने कंक्रीट डलवा कर उसे भरवा दिया। जहां ऐसा किया वहां सड़क ऊंची-नीची होने से वाहन चालकों को झटका लगता है।

    लोगों का कहना है कि यह समस्या काफी समय बनी हुई है, लेकिन अब तक सड़क को ठीक करने का काम नहीं किया गया। इस मार्ग से जा रहे दिलशाद कालोनी के सुमित प्रसाद ने बताया कि वह रोज साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र जाते हैं। ड्यूटी से लौटते वक्त फ्लाईओवर से उतरते समय रास्ता ऊंचा-नीचा होने से मोटरसाइकिल पर तेज झटका लगता है। उनका कहना है कि जहां से पेड़ हटाए गए थे, वहां सड़क पर पैच डाल दिए गए हैं, लेकिन वे बराबर नहीं हैं। पीडब्ल्यूडी का कहना है कि इसे ठीक कर दिया जाएगा।

    पेड़ हटने के बाद फ्लाईओवर पर सड़क को समतल किया जाना चाहिए था। लेकिन वर्षा के कारण पीडब्ल्यूडी उसे नहीं कर पाई। दो-तीन दिन में उसे दुरुस्त करा दिया जाएगा। - संजय गोयल, स्थानीय विधायक