सीतामढ़ी का खूंखार डॉन! 17 केस, उम्रकैद की सजा, 6 साल फरार... दिल्ली में आखिरकार दबोचा गया 'विजय महतो'
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने सीतामढ़ी में हत्या के मामले में सजायाफ्ता विजय कुमार महतो को गिरफ्तार किया। 2020 में अनिल महतो की हत्या कर विजय छह साल से फरार था। उस पर रंगदारी, हत्या समेत 17 मामले दर्ज हैं। सीतामढ़ी कोर्ट ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। पुलिस को सूचना मिली कि वह दिल्ली आ रहा है, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।

दिल्ली में आखिरकार दबोचा गया 'विजय महतो'
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। वर्ष 2020 में बिहार के सीतामढ़ी जिले में स्थित थाना कन्होली में दर्ज हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा पाने वाले बदमाश विजय कुमार महतो को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। 19 मार्च 2020 को विजय महतो ने अपने साथियों के साथ अनिल महतो नामक एक व्यक्ति की दुकान में घुसकर उन पर चार गोलियां चलाई थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
गोलीबारी में अनिल का एक मददगार भी घायल हो गया था। हत्या के बाद वारदात में शामिल अन्य आरोपितों को बिहार पुलिस ने पकड़ लिया था, लेकिन विजय कुमार महतो पिछले छह वर्ष से फरार चल रहा था।
17 आपराधिक मामले दर्ज
गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। सजा की तामील के लिए तीन सितंबर को वारंट जारी किया गया था। उस पर जबरन वसूली, हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और अवैध हथियार रखने आदि के पहले के 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डीसीपी, क्राइम ब्रांच, संजय कुमार यादव के मुताबिक विजय महतो, अररिया, थाना कन्होली, सीतामढ़ी, बिहार का रहने वाला है। वह सीतामढ़ी और आसपास के जिलों में जबरन वसूली, डकैती और संगठित हिंसक अपराधों में सक्रिय रूप से शामिल रहा है।
विजय महतो अपने गिरोह का सरगना है। वह व्यापारियों, ट्रांसपोर्टरों और दुकानदारों को जान से मारने की धमकी देने व उनसे रंगदारी वसूलने वाले स्थानीय अपराधियों को शरण देता रहा है।
2021 में सीतामढ़ी की अदालत ने विजय कुमार महतो को हत्या के मामले में दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। विजय महतो ने मेडिकल दुकान के मालिक अनिल महतो को रंगदारी देने के लिए धमकाया था। अनिल महतो द्वारा रंगदारी देने से इनकार करने पर विजय महतो ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी।
एसीपी पंकज अरोड़ा व इंस्पेक्टर अमित सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली कि बिहार में हत्या के मामले में सजायाफ्ता बदमाश विजय महतो दक्षिण दिल्ली में किसी से मिलने आने वाला है। वहां से 23 अक्टूबर को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।