पटना नीट छात्रा की मौत: न्याय के लिए जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, परिजनों ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
दिल्ली के जंतर-मंतर पर पटना की एक नीट छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन हुआ। बिहार निर्भया संघर्ष समिति दिल्ली- ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। पटना के एक हास्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब दिल्ली की सड़कों पर पहुंच गया है। न्याय की मांग को लेकर पीड़िता के स्वजनों ने रविवार को बिहार निर्भया संघर्ष समिति दिल्ली-एनसीआर के बैनर तले जंतर- मंतर पर जोरदार प्रदर्शन किया।
इस प्रदर्शन में दिल्ली सहित एनसीआर और बिहार से आए छात्र और लोगों ने बिहार सरकार और हॉस्टल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
जंतर- मंतर पर जुटे प्रदर्शनकारियों और स्वजन ने इस मामले में हत्या का आरोप लगाया। आशंका जताई कि छात्रा की हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया है, जिसे हास्टल प्रशासन दबाने की कोशिश कर रहा है। प्रदर्शन के दौरान छात्रा के पिता का दर्द छलक पड़ा। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वह इंसाफ के लिए दर- दर भटक रहे हैं, लेकिन न्याय मिलने के बजाय उनके परिवार को ही मानसिक और प्रशासनिक तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा है।
उन्होंने देश के मुख्य न्यायाधीश और प्रधानमंत्री से इस संवेदनशील मामले में संज्ञान लेने और उच्चस्तरीय न्यायिक निगरानी में जांच कराने की मांग की।
वहीं, मृतका की मां ने रोते हुए कहा कि वह अपनी बेटी को तो खो चुकी हैं, लेकिन देश की अन्य बेटियों की सुरक्षा की खातिर पटना से दिल्ली तक संघर्ष करने आई हैं और जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा उनका संघर्ष जारी रहेगा। वहीं, प्रदर्शन का संचालन कर रहे समाजसेवी उदय कुमार शर्मा ने कहा कि जब अपनी ही बेटी के लिए न्याय मांगना संघर्ष बन जाए, तब खामोश रहना सबसे बड़ा अपराध है।
पूर्व सांसद महाबल मिश्रा ने निष्पक्ष जांच की मांग का समर्थन किया। प्रदर्शन में आचार्य जयकांत, साकेत बिहारी शर्मा, विनय मिश्रा, रूबी शर्मा, कुंदन कुमार, अजय शर्मा, योगिता भयाना, निवेदिता सिंह और मनोज त्यागी आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के मंगोलपुरी में छोटा गैस सिलिंडर फटा, एक महिला सहित चार लोग झुलसे
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।