दिल्ली: प्रापर्टी विवाद में दो भाई बुरी तरह घायल, पुलिस जांच जारी
अशोक विहार में संपत्ति विवाद को लेकर अरविंद झा और उसके भाई रवि पर पड़ोसी कपिल देव झा के बेटों ने हमला कर दिया। लाठियों से किए गए इस हमले में दोनों भाई घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भाई रवि पर पड़ोसी कपिल देव झा के बेटों ने हमला कर दिया। सांकेतिक तस्वीर
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। अशोक विहार थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद को लेकर एक युवक और उसके भाई पर हमला करने का मामला सामने आया है। मारपीट में घायल हुए लोगों को पास के दीप चंद बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित के बयान के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान अशोक विहार निवासी अरविंद झा (20) के रूप में हुई है, जो सुरक्षा गार्ड का काम करता है। पुलिस को दिए बयान में पीड़ित ने बताया कि उसका अपने पड़ोसी कपिल देव झा के साथ जमीन का विवाद चल रहा था।
7 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे अरविंद अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी कपिल देव झा के तीन बेटे वहाँ पहुँचे और कहासुनी के बाद अरविंद पर लाठियों से हमला कर दिया। अरविंद झा को बचाने आए उसके भाई रवि झा पर भी आरोपियों ने हमला कर उसे घायल कर दिया। दोनों को इलाज के लिए दीप चंद बंधु अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल रिपोर्ट में उनके सिर, छाती, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं।
अरविंद के बयान के आधार पर पुलिस ने विकास झा, आशुतोष झा और अतुल झा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों पर मारपीट, धमकी और साजिश रचने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जाँच जारी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।