Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    तरुण हत्याकांड में SIT की जांच में खुलेंगे कई राज, आरोपियों के घर सील; ड्रोन-फोर्स से की जाएगी निगरानी

    Updated: Thu, 12 Mar 2026 09:41 PM (IST)

    उत्तम नगर में तरुण खटीक हत्याकांड की जांच के लिए दिल्ली पुलिस ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। यह SIT मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन पड़ताल ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    जल्द ही इस मामले की जांच का चार्ज उत्तम नगर थाना पुलिस से लेकर एसआईटी टीम को सौंप दिया जाएगा।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। उत्तम नगर इलाके में होली के दिन हुई युवक तरुण खटीक की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। अब यह एसआईटी पूरे मामले की विस्तृत जांच करेगी और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की गहन पड़ताल करेगी। जल्द ही इस मामले की जांच का चार्ज उत्तम नगर थाना पुलिस से लेकर एसआईटी टीम को सौंप दिया जाएगा।

    आरोपितों की भूमिका की गहन जांच

    पुलिस अधिकारी के अनुसार, एसआईटी टीम घटना से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच करेगी। इसके तहत घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेशण, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जाएंगे और अन्य तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों को भी इस जांच में शामिल किया जाएगा। साथ ही घटना में शामिल सभी आरोपितों की भूमिका का भी विस्तार से परीक्षण किया जाएगा।

    महिला और बच्ची से बदसलूकी भी की 

    गौरतलब हो कि 4 मार्च को होली के दिन एक 11 वर्षीय बच्ची से गुब्बारा गिरने के बाद उड़े पानी की छींटा परड़ने पर एक महिला का तरुण के परिवार से विवाद हो गया था। इसके बाद महिला ने अपने रिश्तेदारों को बुलाकर वहां जमकर कर हंगामा किया था।

    यहां तक कि आरोप है कि इस दौरान घर में घुस कर महिला और बच्ची से बदसलूकी भी की थी। दिन भर चले विवाद के बाद रात में उन लोगों ने तरुण के होली खेलकर पहुंचने के बाद उस पर हमला कर सीने पर पत्थर मारकर घायल कर दिया था, जिसकी दूसरे दिन इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

    संबंधित मकानों को सील भी कर दिया 

    घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया था और लगातार निगरानी रखी जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने इसकी जांच के लिए एसआईटी गठित करने का निर्णय लिया है।

    फिलहाल उत्तम नगर थाना पुलिस इस मामले की प्रारंभिक जांच कर रही है। अब तक इस मामले में दो नाबालिग समेत 16 आरोपितों को पकड़ा जा चुका है। इस बीच प्रशासन ने बुलडोजर एक्शन के माध्यम से आरोपित के घर के उस हिस्से को तोड़ दिया था, जिसे उन लोगों ने अतिक्रमण करके अवैध रूप से तैयार किया था। साथ ही, उसमें अवैध रूप से फैक्ट्री संचालन किए जाने के लिए संबंधित मकानों को सील भी कर दिया है।

    शुक्रवार को लेकर पुलिस विशेष सतर्क

    आगामी शुक्रवार को देखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। इलाके में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की दो कंपनियां क्षेत्र में पहले से तैनात हैं। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने शांति समिति के साथ बैठक भी की, जिसमें सभी वर्गों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

    पूरी तरह सक्षम और तैयार

    बैठक में सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार को इलाके में सुरक्षा पर जमीन के साथ-साथ आसमान से भी नजर रखी जाएगी। ड्रोन कैमरों की मदद से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जाएगी और पुलिस की विशेष नजर लोगों की भीड़ पर रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सक्षम और तैयार है।

    यह भी पढ़ें- उत्तमनगर हत्याकांड: माता-पिता को बेहतर जिंदगी देने का देखता था सपना, आस्था और फिटनेस से भरा था तरुण का जीवन

    यह भी पढ़ें- उत्तम नगर तरुण खटीक हत्याकांड में आरोपितों को सता रहा घर ढहने का डर, दिल्ली HC ने एक सप्ताह तक लगाई रोक

    यह भी पढ़ें- उत्तम नगर तरुण हत्याकांड: रात में नींद खुल जाती है, लगता है बेटा मदद के लिए पुकार रहा है,' बोले पिता मेमराज