पूर्वी दिल्ली: यमुना स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में पानी का संकट गहराया, खराब वाटर कूलर से खिलाड़ी बेहाल
पूर्वी दिल्ली के सूरजमल विहार स्थित यमुना स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में खिलाड़ियों को पीने के पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। परिसर में लगे त ...और पढ़ें

पूर्वी दिल्ली के सूरजमल विहार स्थित यमुना स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में खिलाड़ियों को पीने के पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। इमेज एआई
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। सूरजमल विहार स्थित यमुना स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझना पड़ रहा है। परिसर में लगाए गए तीनों वाटर कूलर पूरी तरह से बेकार साबित हो रहे हैं। किसी में भी नियमित रूप से पानी उपलब्ध नहीं है, जिससे खिलाड़ियों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में खेलने आने वाले दिवाकर झा ने बताया कि एक वाटर कूलर खेल मैदान के पास स्थित है, जो कई महीनों से खराब पड़ा है। दूसरा कूलर गेट नंबर-2 के पास लगा हुआ है, लेकिन उसमें अब तक पानी का कनेक्शन ही नहीं किया गया है। वहीं, तीसरा कूलर कभी-कभार ही काम करता है, जिससे उस पर भी भरोसा नहीं किया जा सकता।
गर्मी के इस मौसम में स्थिति और गंभीर हो गई है। खिलाड़ियों को मजबूरन बाहर से पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है, जिससे न केवल उनकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है बल्कि अभ्यास के दौरान भी बाधा उत्पन्न हो रही है।
नियमित रूप से अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों का कहना है कि पानी जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव उनके स्वास्थ्य पर भी असर डाल सकता है।
खिलाड़ियों ने दिल्ली डेवलपमेंट अथारिटी (ड़ीड़ीए) पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इस समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द वाटर कूलरों की मरम्मत कर उन्हें चालू किया जाए, ताकि खिलाड़ियों को राहत मिल सके और वे बिना किसी परेशानी के अभ्यास कर सकें।
खिलाड़ी बोले
परिसर में पीने के पानी की व्यवस्था नही है। कई बार अधिकारियों से शिकायत की परंतु बात को गंभीरता से नही लिया जाता। पानी या तो घर से लेकर आना पड़ता है या फिर बाहर से बोतल बंद पानी खरीदना पड़ रहा है। इससे जेब पर भी अतिरिक्त भार पड़ रहा है। - नितेश पांडे
खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाएं नही मिल रही। भीषण गर्मी में पीने के पानी की व्यवस्था तक नही है। वाटरकूलर तो लगे हुए है परंतु उनसे पानी नही आता। जिम्मेवारों को इस ओर कड़े कदम उठाने चाहिए। -कमल रोहिल्ला
वाटर कूलर की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी जिसको दोबारा जोड़ने का काम चल रहा हैं। शुक्रवार तक सभी वाटर कूलर में ठंडा पानी आने लगेगा। खिलाड़ियों को पीने के पानी को लेकर कोई परेशानी नही होगी। - सुनील कुमार झा, सेक्रेटरी
यह भी पढ़ें: दिल्ली: कड़कड़डूमा कोर्ट के पास रेस्तरां संचालकों की मनमानी पर ब्रेक, पुलिस ने की अवैध पार्किंग की कार्रवाई
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।