Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar Politics: भागलपुर की पॉलिटिकल मिस्ट्री... किसका कटेगा टिकट, किसे मिलेगा; कुछ भी तय नहीं

    Updated: Thu, 11 Sep 2025 01:51 PM (IST)

    भागलपुर में 2025 के चुनावों से पहले राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत लगा दी है जिससे वर्तमान विधायकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गोपालपुर और कहलगांव विधानसभा क्षेत्रों में सियासत गरमा रही है। कहलगांव में एनडीए और महागठबंधन दोनों के लिए मुकाबला कड़ा होगा। गोपाल मंडल ने बुलो मंडल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है जिससे गोपालपुर में भी तनाव है।

    Hero Image
    किसका कटेगा टिकट, किसे मिलेगा; कुछ भी तय नहीं

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। 2025 के चुनावी समर की घोषणा अभी नहीं हुई है। सभी राजनीतिक दलों ने अधिक से अधिक सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। इन सबके बीच वर्तमान विधायकों की टेंशन बढ़ गई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मतदाताओं को पांच साल का हिसाब-किताब देने से पहले ही दलों और गठबंधन के अंदर से मिल रही चुनौतियों ने माननीय (वर्तमान विधायक) की नींद गायब कर दी है। सबसे अधिक जिले के गोपालपुर और कहलगांव विधानसभा क्षेत्र में सियासत गरमा रही है।

    गठबंधन की गांठ का लिटमस टेस्ट होगा कहलगांव में:

    कहलगांव विधानसभा सीट इस बार एनडीए और महागठबंधन दोनों के लिए लिटमस टेस्ट होगा। कहलगांव से होकर बहने वाली गंगा में 2020 के बाद काफी पानी बह गया। कहलगांव कांग्रेस की परंपरागत सीट रही है।

    यहां से कांग्रेस के दिग्गज नेता सदानंद सिंह कई बार चुनाव जीतने में सफल रहे। 2020 में उनके पुत्र शुभानंद मुकेश चुनाव मैदान में थे। भाजपा के पवन यादव ने 42 हजार के बड़े अंतर से चुनाव हरा दिया। बाद के दिनों में शुभानंद मुकेश जदयू में शामिल हो गए।

    एनडीए में भाजपा और जदयू दोनों पार्टियां चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। दूसरी तरफ शुभानंद मुकेश के जदयू में जाने के बाद कहलगांव से कांग्रेस के कई दावेदार सामने आ गए हैं।

    वहीं, कांग्रेस की परंपरागत सीट पर इस बार राजद की भी नजर है। राजद के एक दावेदार की सक्रियता काफी अधिक है। कहलगांव में राजद समर्थक पोस्टर फाड़े जाने के मुद्दे को गरमा रहे हैं, ताकि माहौल अपने पक्ष में बनाया जा सके।

    गोपाल मंडल ने बुलो के खिलाफ खोला मोर्चा

    जदयू के टिकट पर नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल ने गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार चार बार जीत दर्ज की। गोपाल मंडल ने भाजपा और राजद दोनों के प्रत्याशियों को हराने में सफलता हासिल की। बीते विधानसभा चुनाव में जदयू ने गोपाल मंडल को प्रत्याशी बनाया तो राजद ने शैलेश कुमार को उम्मीदवार बनाया।

    गोपाल मंडल ने 24 हजार मतों के अंतर से राजद प्रत्याशी को हरा दिया। कभी राजद के कद्दावार नेता रहे पूर्व सांसद बुलो मंडल 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान जदयू में शामिल हो गए। अभी विधायक गोपाल मंडल ने पूर्व सांसद के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।

    पूर्व सांसद बुलो मंडल के खिलाफ लगातार तीखे बयान दे रहे हैं। हालांकि बुलो मंडल की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। जदयू महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारी अपर्णा कुमारी भी गोपालपुर में काफी सक्रिय दिखती हैं। ऐसे में वह भी विधायक के निशाने पर आ जाती हैं।

    यह भी पढ़ें- Bihar Politics: दशहरे के बाद कांग्रेस के दिग्गज संभालेंगे चुनावी मोर्चा, तय हो रहे स्टार प्रचारकों के नाम