दरभंगा में 500 करोड़ की लागत से स्थापित होगा सांस्कृतिक म्यूजियम, गृहमंत्री अमित शाह ने की घोषणा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दरभंगा के अलीनगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए 500 करोड़ रुपये की लागत से सांस्कृतिक संग्रहालय स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस संग्रहालय में पूरे बिहार के विद्वानों की पांडुलिपियाँ होंगी। अमित शाह ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की भी जानकारी दी और राजद पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने 850 करोड़ की लागत से माता जानकी का भव्य मंदिर बनाने की भी घोषणा की।

Bihar Election 2025: दरभंगा के अलीनगर में चुनावी सभा को संबोधित करते गृह मंत्री। सौ. इंटरनेट मीडिया
डिजिटल डेस्क, दरभंगा/मुजफ्फरपुर। Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रथम चरण में अब बहुत अधिक समय शेष नहीं है। इसलिए दोनों गठबंधनों ने अपनी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में दरभंगा के अलीनगर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनसभा को संबोधित किया।
अलीनगर की भाजपा प्रत्याशी मैथिली ठाकुर के समर्थन में आयोजित जनसभा के दौरान उन्होंने कहा कि दरभंगा विद्वानों की धरती रही है। मंडन मिश्र और भारती का यहां से जुड़ाव रहा है। इसलिए आज मैं घोषणा करता हूं कि यहां 500 करोड़ की लागत से सांस्कृतिक म्यूजियम की स्थापना होगी।
इस म्यूजियम में दरभंगा के अतिरिक्त पूरे बिहार के विद्वानों की पांडुलिपियां रहेंगी। इससे दुनिया को नई दिशा मिलेगी। दरभंगा को उसका पुराना गौरव हासिल होगा।
गृह मंत्री ने केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार द्वारा किए गए कामों को जानकारी दी। एयरपोर्ट से मखाना बोर्ड तक के बारे में बताया। दौरान उन्होंने राजद और महागठबंधन की राजनीतिक शैली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि फिलहाल कहीं कोई वैकेंसी नहीं है।
इसके साथ-साथ उन्होंने कहा कि 850 करोड़ की लागत से माता जानकी का भव्य मंदिर बनाया जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि लालू जी अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं तो सोनिया जी अपने बेटे को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं। केवल भाजपा ही है जो परिवार वाद का पोषण नहीं करती है।
उन्होंने ने कहा कि कांग्रेस ने धारा 370 को 70 साल तक रखा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसको हमेशा के लिए खत्म कर दिया। इस देश में आतंकवाद को प्रश्रय देने की परंपरा चली आ रही थी।भाजपा ने एक के बाद एक प्रहार के माध्यम से इसको खत्म किया। आपरेशन सिंदूर इस कड़ी का बेहतर उदाहरण है। इसलिए मोदी के हाथ में ही देश सुरक्षित है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।