West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान समाप्त, शाम 6 बजे तक 91.46% वोटिंग
West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान समाप्त हो गया है। गुरुवार को बंगाल में पहले चरण के तहत 16 जिलों की 152 सीटों पर वोट पड़ रहे हैं। राज्य में तृणमूल और भाजपा के बीच जबरदस्त टक्कर होने की उम्मीद है।

पश्चिम बंगाल में पिछली बार का रिकॉर्ड टूटा(फोटो- एएनआई)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान समाप्त हो गया है। गुरुवार को बंगाल में पहले चरण के तहत 16 जिलों की 152 सीटों पर वोट डाले गए हैं।
कुल 1 हजार 478 उम्मीदवार चुनावी मैदान में है। 152 निर्वाचन क्षेत्रों में 44 हजार से अधिक मतदान केन्द्र स्थापित किए गये हैं। इनमें से सात हजार 384 मतदान केन्द्रों को अत्यधिक संवेदनशील माना जा रहा है। इस चरण में तीन करोड़ 60 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
मुकाबला सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच है। वोटिंग 44,376 बूथों पर हो रही है, जिसमें लगभग 3,000 सहायक बूथ भी शामिल हैं। 5,444 बूथों का प्रबंधन महिलाएं करेंगी और 207 मॉडल बूथ भी बनाए गए हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के मतदान का दूसरा चरण अगले बुधवार को होगा।
अरविंद केजरीवाल तृणमूल के पक्ष में 26 और 27 अप्रैल को बंगाल में करेंगे चुनाव प्रचार
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बंगाल विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के लिए समर्थन मांगने के वास्ते 26 और 27 अप्रैल को चुनाव प्रचार करेंगे। आप सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
पश्चिम बंगाल में शाम 5 बजे तक 89.93% मतदान
जिला वार मतदान प्रतिशत शाम पांच बजे तक
दक्षिण दिनाजपुर 93.12 % (सबसे अधिक)
कूचबिहार 92.07 %
बीरभूम 91.55 %
मुर्शिदाबाद 91.36 %
जलपाईगुड़ी 91.20 %
पश्चिम मेदिनीपुर 90.70 %
झाड़ग्राम 90.53 %
बांकुड़ा 89.91 %
उत्तर दिनाजपुर 89.74 %
मालदा 89.56 %
अलीपुरद्वार 88.74 %
पूर्व मेदिनीपुर 88.55 %
पुरुलिया 87.35 %
पश्चिम बर्द्धमान 86.89 %
दार्जिलिंग 86.49 %
कालिम्पोंग 81.98 % (सबसे कम)
पश्चिम बंगाल में पिछली बार का रिकॉर्ड टूटा, शाम 5 बजे तक 89.93% मतदान
बंगाल के 152 विधानसभा क्षेत्र में शाम पांच बजे तक 89.93% मतदान हुआ है। इन सीटों पर 2021 में करीब 81.16 प्रतिशत वोट पड़े थे।
बंगाल में पहले चरण का मतदान जारी, वेलूर मठ पहुंचे PM मोदी
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण का मतदान आज शुरू हो गया है। सुबह 7 बजे से 152 विधानसभा सीटों पर वोटिंग जारी है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बंगाल पहुंचे हैं। चुनावी कार्यक्रम के तहत उन्होंने कृष्णानगर और मथुरापुर में जनसभाओं को संबोधित किया। शाम को वे बेलूर मठ (वेलूर मठ) पहुंचे, जहां उन्होंने रामकृष्ण मिशन के मुख्य मंदिर में दर्शन किए और आशीर्वाद लिया।
पुरुलिया: EVM में खराबी पर बवाल, ग्रामीणों और केंद्रीय बलों के बीच झड़प
पुरुलिया के बुधपुर गांव में EVM में कथित खराबी को लेकर ग्रामीणों और केंद्रीय बलों के बीच झड़प हो गई।
बंगाल में पूर्ण बहुमत वाली BJP सरकार बनने जा रही है: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल में चुनाव सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज, वोटिंग का पहला चरण लगभग पूरा हो चुका है। 5 तारीख को दीदी को पूरी तरह से हार का सामना करना पड़ेगा। बंगाल में पूर्ण बहुमत वाली भाजपा सरकार बनने जा रही है। आप सभी को बंगाल को घुसपैठियों से मुक्त कराने के लिए कमल के निशान वाला बटन जरूर दबाना चाहिए।
चार घंटे में आयोग को मिली 635 शिकायतें
बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के शुरुआती चार घंटों में चुनाव आयोग को 635 शिकायतें मिली थीं जो पिछले अन्य कई चुनाव की तुलना में आधे से भी कम है, जो राज्य में चुनावी संवेदनशीलता को दर्शाती हैं। इनमें से 260 शिकायतें सीधे मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में दर्ज कराई गईं, जबकि 375 शिकायतें ‘सी-विजिल’ ऐप के माध्यम से प्राप्त हुईं।
बंगाल में पहले चरण के मतदान की मुख्य बातें
मुख्य बातें:
सर्वाधिक मतदान: दोपहर 3:00 बजे तक दक्षिण दिनाजपुर (81.49%) में सबसे अधिक उत्साह देखा गया।
न्यूनतम मतदान: इन आंकड़ों के अनुसार कालिम्पोंग (74.07%) में मतदान प्रतिशत अन्य जिलों की तुलना में थोड़ा कम रहा।
सामान्य रुझान: अधिकांश जिलों में मतदान 75% से ऊपर रहा है, जो बहुत ही सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।
बंगाल में जिलावार मतदान प्रतिशत
बंगाल में जिलावार मतदान प्रतिशत-
दक्षिण दिनाजपुर- 81.49%
पश्चिम मेदिनीपुर- 81.07%
झारग्राम-81.04%
बीरभूम- 80.22%
बांकुरा -79.88%
मुर्शिदाबाद -79.72%
कूचबिहार -79.26%
जलपाईगुड़ी-78.92%
पूर्व मेदिनीपुर- 78.94%
अलीपुरद्वार- 77.53%
उत्तर दिनाजपुर- 77.32%
दार्जिलिंग- 76.54%
मालदा- 76.22%
पुरुलिया- 75.97%
पश्चिम बर्द्धमान- 75.44%
कालिम्पोंग-74.07%
टीएमसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा उम्मीदवार के चुनाव एजेंट पर किया हमला
लाबपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार देबाशीष ओझा के चुनाव एजेंट विश्वजीत मंडल पर आज कथित तौर पर TMC कार्यकर्ताओं और नेताओं द्वारा हमला किया गया।
दोपहर 3 बजे तक 78.77 प्रतिशत मतदान
बंगाल के 152 विधानसभा क्षेत्र में दोपहर तीन बजे तक 78.77% मतदान हुआ है। इन सीटों पर 2021 में करीब 82.70 प्रतिशत वोट पड़े थे।
सिउड़ी में भाजपा उम्मीदवार और तृणमूल कार्यकर्ता के बीच बहस
सिउड़ी से भाजपा उम्मीदवार की तृणमूल कार्यकर्ता के बीच ज़ुबानी बहस हो गई। भाजपा उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि वह मतदाताओं को "डरा-धमका" रही है और उन्हें पोलिंग बूथ के 100 मीटर के दायरे में मौजूद रहने का अधिकार नहीं है। इसके जवाब में टीएमसी कार्यकर्ता ने कहा कि वह तो बस एक दिव्यांग मतदाता को वोट डालने की प्रक्रिया में मदद कर रही थी।
चुनाव पर्यवेक्षक ने तृणमूल के विधायक को बूथ के अंदर जाने से रोका
चुनाव पर्यवेक्षक ने तृणमूल विधायक और अलीपुरद्वार से उम्मीदवार सुमन कांजीलाल को उनके समर्थकों के साथ बूथ के अंदर जाने से रोक दिया और उनसे अकेले जाने को कहा।
भाजपा नेता अग्निमित्रा की कार पर हमला
भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल की कार की पिछली खिड़की पर कथित तौर पर पत्थर से हमला किया गया, जिससे वह टूट गई। उन्होंने कहा, "जब हम आसनसोल के रहमत नगर में एक पोलिंग बूथ से बाहर निकल रहे थे, तब मेरी चलती कार पर पत्थर फेंका गया। यह बिल्कुल साफ है कि इसके पीछे कौन है। यह चुनाव को प्रभावित करने की एक कोशिश है। हमने इसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।"
West Bengal Election 2026 Voting Live: दोपहर 1 बजे तक 62.18% वोटिंग
पश्चिम बंगाल में हिंसा के बीच बंपर मतदान हुआ है। दोपहर 1 बजे तक 62.18% वोट दर्ज हुआ है।
'झूठ बोलो और झांसा दो', बंगाल की चुनावी रैली में पीएम मोदी का टीएमसी पर हमला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, TMC की निर्मम सरकार की पहचान है - झूठ बोलो, झांसा दो। 15 साल के इनके हर वादे आधे-अधूरे हैं। इन्होंने हर ब्लॉक में मॉडल रेसिडेंशियल स्कूल बनाने की घोषणा की थी, लेकिन हुआ इसका उल्टा, बंगाल में सैंकड़ों स्कूल बंद हो गए। TMC ने घर घर पाइप से पानी पहुंचाने का वादा किया था। हर घर नल से जल तो नहीं पहुंचा, लेकिन जलभराव का गंदा पानी आपके घर के द्वार तक जरूर आ गया।
West Bengal Election 2026 Voting Live: '50 सालों में सबसे कम रही हिंसा', पहले चरण के मतदान को लेकर बोले पीएम मोदी
बंगाल में विधानसभा चुनावों के पहले चरण के मतदान के दौरान चुनावी रैली में पीएम मोदी ने कहा, "50 सालों में हिंसा सबसे कम रही, मैं चुनाव आयोग को बधाई देता हूं।"
कुमारगंज में भाजपा उम्मीदवार पर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने किया हमला
कुमारगंज से भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु सरकार का दावा है कि कुमारगंज विधानसभा क्षेत्र में TMC कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया, जिसमें वह घायल हो गए और उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई।
West Bengal Election 2026 Voting Live: 'हुमायूं कबीर कर रहे गुंडागर्दी', बोले टीएमसी कार्यकर्ता
नौदा में सोफिउज्जमन शेख कहते हैं, "हुमायूं कबीर यहां गड़बड़ी पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। चुनाव के दिन, वह 15 गाड़ियों में असामाजिक तत्वों और जिन पर FIR दर्ज है, ऐसे अपराधियों के साथ आए थे। हुमायूं यहां बहुत गुंडागर्दी कर रहे हैं। हमने विरोध किया है, हमने शिकायत भी की है, लेकिन ECI या पुलिस प्रशासन की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।"
West Bengal Election 2026 Voting Live: कुमारगंज में भाजपा उम्मीदवार पर हमला
कुमारगंज में भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु सरकार पर हमला हुआ है। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें भीड़ से बचाया। तृणमूल के समर्थकों पर हमले का आरोप लगा है।
'पूरी रात धमकाते रहे तृणमूल कार्यकर्ता', नौदा झड़प को लेकर बोले हुमायूं कबीर
मुर्शिदाबाद के नौदा में झड़प को लेकर हुमायूं कबीर ने कहा, “इन बूथों पर तृणमूल कार्यकर्ता पुलिस के साथ मिलकर पूरी रात हंगामा कर रहे हैं। वे पैसे देकर और अधिकारियों के साथ तालमेल बिठाकर चीजों को प्रभावित कर रहे हैं। बाहर लोगों को डराया-धमकाया जा रहा है और पूरी रात उन्हें धमकियां दी गईं। इसमें शामिल लोगों को पुलिस थानों से हटाना चाहिए और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने चाहिए।”
'केंद्रीय बल अच्छा काम कर रहे हैं', वोटिंग को लेकर बोले अधीर रंजन चौधरी
वोटिंग के बारे में पूछे जाने पर बहरामपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी ने कहा, "सब कुछ ठीक चल रहा है। केंद्रीय बल अच्छा काम कर रहे हैं... वे (हमारे पोलिंग एजेंट) बूथ में मौजूद हैं।"
West Bengal Election 2026 Voting Live: बंगाल में सुबह 11 बजे तक लगभग 41 प्रतिशत मतदान
बंगाल के 152 विधानसभा क्षेत्र में सुबह 11 बजे तक 41.11 % मतदान हुआ। इन सीटों पर 2021 में करीब 82.70 प्रतिशत वोट पड़े थे।
'किसी भी पल कुछ भी हो सकता है', मुर्शिदाबाद की घटना पर बोले चश्मदीद
मुर्शिदाबाद में हुए कच्चे बम फेंकने की घटना पर एक चश्मदीद ने कहा, "यह घटना शायद रात 8:00 से 8:30 बजे के बीच हुई थी। इस घटना में एक महिला घायल हो गई। हम यह नहीं कह सकते कि इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। हम बहुत डरे हुए हैं। किसी भी पल कोई दूसरी घटना हो सकती है। यहां नेता आए थे, इसलिए मुमकिन है कि इसी वजह से फिर से कोई परेशानी खड़ी हो जाए।"
'जो शांति तोड़ेगा, हम उसको तोड़ने का काम करेंगे'; बोले सुवेंदु अधिकारी
बंगाल में विपक्ष के नेता और नंदीग्राम और भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "मुझे इस मतदान केंद्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई। आम आदमी शांति चाहता है। जो शांति तोड़ेगा हम उसको तोड़ने का काम करेंगे।"
हुमायूं कबीर और तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच तनाव को लेकर चुनाव आयोग ने मांगी रिपोर्ट
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के अनुसार, चुनाव आयोग ने आम जनता उन्नयन पार्टी (AUJP) के संस्थापक हुमायूं कबीर और तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच नौदा में तनाव को लेकर DM/DEO से रिपोर्ट मांगी है।
'यहां हर मामले में गड़बड़ियां होती हैं', मुर्शिदाबाद में बम फेंकने की घटना पर बोले दिलीप घोष
दिलीप घोष ने कहा, "मुर्शिदाबाद एक बहुत ही अहम जिला है। यहां हर मामले में गड़बड़ियां होती हैं। पूरे बांग्लादेश से लोग घुसपैठ करके यहां आ गए हैं। वे यहां आईडी कार्ड बनवाने आते हैं और फिर देश में अशांति फैलाते हैं। जब बदलाव आएगा तो सब कुछ बदल जाएगा।"
'मैं किसी चीज से नहीं डरता', वोटिंग के बीच बोले सुवेंदु अधिकारी
सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "हत्या का आरोपी शेख शाहबुद्दीन मतदाताओं को धमका रहा है। मैं किसी भी चीज से नहीं डरता। मेरी लड़ाई किसी धर्म के खिलाफ नहीं है। मेरी लड़ाई तृणमूल के गुंडों के खिलाफ है।"
'बम हमलों का रहा है इतिहास', मुर्शिदाबाद में बम फेंके जाने की घटना पर बोले सुकांत मजूमदार
केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा, "मुर्शिदाबाद में बमबारी की खबरें आ रही हैं। चुनाव आयोग को और अधिक सतर्क रहना चाहिए, क्योंकि इस इलाके का बम हमलों का इतिहास रहा है।"
'तृणमूल का यही तरीका है', मुर्शिदाबाद के नौदा में बम फेंकने की घटना पर बोलीं भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल
आसनसोल दक्षिण सीट से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल ने नौदा में एक कच्चे बम फेंके जाने की घटना पर कहा, "मैंने यह बात सुबह ही कह दी थी। ममता बनर्जी सरकार ऐसी ही हरकतें करेगी। बम फेंकेगी, बिजली काटेगी। वे कैमरों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे। यही तरीका है।"
सिलिगुड़ी में तृणमूल और भाजपा समर्थकों के बीच कहा-सुनी
सिलीगुड़ी में जगदीश चंद्र विद्यापीठ, बूथ नंबर-26/237 पर तृणमूल और सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार शंकर घोष के समर्थकों के बीच कहा-सुनी हो गई।
हुमायूं कबीर की TMC कार्यकर्ताओं से झड़प
मुर्शिदाबाद में तृणमूल कार्यकर्ताओं और आम जनता उन्नयन पार्टी (AUJP) के संस्थापक हुमायूं कबीर के बीच झड़प हो गई। हुमायूं कबीर उस इलाके का दौरा कर रहे थे, जहां कल एक कच्चा बम फेंके जाने की घटना सामने आई थी।
बंगाल में सुबह 9 बजे तक कितना मतदान हुआ?
बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर में 18.81%, बीरभूम में 19.01%, जलपाईगुड़ी में 18.50%, मुर्शिदाबाद में 18.88%, कूचबिहार में 17.56%, पश्चिम मेदिनीपुर में 20.51%, बांकुड़ा में 20.20%, उत्तर दिनाजपुर में 17.54%, झाड़ग्राम में 19.94%, मालदा में 16.96%, दक्षिण दिनाजपुर में 18.81%, पश्चिम बर्द्धमान में 19%, पुरुलिया में 17.83%, अलीपुरद्वार में 17.70%, कालिम्पोंग में 18.74% और दार्जीलिंग में 18.80% मतदान हुआ।
मुर्शिदाबाद के रघुनाथगंज गर्ल्स स्कूल बूथ पर देर से शुरू हुई वोटिंग
मुर्शिदाबाद के रघुनाथगंज गर्ल्स स्कूल बूथ पर EVM में खराबी के कारण मतदान में देरी हुई। मतदाताओं ने लंबे इंतजार और दूसरी मशीन उपलब्ध न होने पर नाराजगी जाहिर की।
सुबह 9 बजे तक बंगाल में 18.76 प्रतिशत मतदान
बंगाल के 152 विधानसभा क्षेत्र में सुबह नौ बजे तक 18.76 % मतदान हुआ। इन सीटों पर 2021 में करीब 82.70 प्रतिशत वोट पड़े थे।
मालदा में ईवीएम खराबी को लेकर तनाव
मालदा के बालुचारा हाई स्कूल मतदान केंद्र पर कथित EVM खराबी को लेकर तनाव।
मुर्शिदाबाद में फेंके गए देसी बम
मुर्शिदाबाद जिले के नौदा में कुछ अज्ञात लोगों द्वारा देसी बम फेंके जाने से कई लोग घायल हो गए।
'शांतिपूर्ण मतदान जारी है', बोले तृणमूल नेता रिजू दत्ता
तृणमूल नेता रिजू दत्ता ने कहा, "कुछ छोटी-मोटी घटनाओं को छोड़कर, जिन्हें पहले ही निपटा लिया गया है, कोई बड़ी घटना नहीं हुई है। अब तक शांतिपूर्ण मतदान जारी है।"
'यह बंगाल बचाने की लड़ाई है', वोट डालने के बाद बोलीं भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल
आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल ने अपना वोट डाला। उन्होंने कहा, "हमें पूरा भरोसा है कि बंगाल की जनता भाजपा को ही वोट देगी। वे तृणमूल को सत्ता से हटाने के लिए पूरी तरह से दृढ़ हैं। यह बंगाल को बचाने की एक लड़ाई है।"
सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में किया मतदान
नंदीग्राम और भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से उनके खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं।
'जीत का रास्ता उत्तरी और दक्षिणी बंगाल से हो जाएगा साफ', वोटिंग शुरू होने के बाद बोले दिलीप घोष
खड़गपुर सदर से भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा, "भाजपा का मुख्य प्रभाव क्षेत्र उत्तरी और दक्षिणी बंगाल में है और मुझे लगता है कि भाजपा वहां 100 से ज्दाया सीटें जीतेगी। जीत का रास्ता यहीं से साफ हो जाएगा।"
'पहली बार मेरी पार्टी लड़ रही चुनाव', मतदान शुरू होने के बाद बोले हुमायूं कबीर
आम जनता उन्नयन पार्टी (AUJP) के संस्थापक हुमायूं कबीर ने कहा "मैं पश्चिम बंगाल चुनावों में अपना वोट डालूंगा। मैं 1982 से चुनावों में हिस्सा लेता आ रहा हूं, लेकिन यह पहली बार है जब मेरी अपनी पार्टी इन चुनावों में चुनाव लड़ रही है। राज्य में कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।"
ममता बनर्जी को लेकर सुवेंदु अधिकारी ने क्या कहा?
एसआईआर के बारे में बात करते हुए सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "अगर कोई मृत या फर्जी मतदाता या घुसपैठिए न हों तो ममता के जीतने का कोई मौका ही नहीं है।"
पोलिंग एजेंटों से सुवेंदु अधिकारी ने की बात
नंदीग्राम व भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "हम हिंदू हैं, हम सनातनी हैं। मैंने पूजा-अर्चना की, नमन किया। मैंने अपने निर्वाचन क्षेत्र के पोलिंग एजेंटों से बात की। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से होना चाहिए।"
आसनसोल में मतदान केंद्रों पर लगी लंबी कतारें
बंगाल विधानसभा चुनावों के पहले चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। आसनसोल में मतदान केंद्र के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
पीएम मोदी ने बंगाल की जनता से की बड़ी संख्या में मतदान की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का पहला चरण आज हो रहा है। मैं सभी नागरिकों से इस लोकतंत्र के उत्सव में पूरी ताकत से भाग लेने का आग्रह करता हूं। मैं विशेष रूप से अपने युवा मित्रों और पश्चिम बंगाल की महिलाओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील करता हूं।

बंगाल में पहले चरण के लिए मतदान शुरू
बंगाल में पहले चरण के लिए मतदान शुरू हो चुका है। मतदान केद्रों पर लोग पहुंचने लगे हैं। वहीं सुरक्षा कड़ी है।
नंदीग्राम के एक मतदान केंद्र में मॉक पोल किया गया
नंदीग्राम के नंदनायक बार प्राइमरी स्कूल मतदान केंद्र में मॉक पोल किया गया। मतदान 7 बजे से शुरू होगा।
मॉक पोल की प्रक्रिया अभी चल रही है- मतदान अधिकारी
सिलीगुड़ी: मतदान केंद्र पर तैनात मतदान अधिकारी महुआ नरगिनारी ने बताया, "मॉक पोल की प्रक्रिया अभी चल रही है। प्रक्रिया अच्छे से हो रही है। मतदान 7 बजे से शुरू होगा। हम बहुत उत्साहित हैं..."

बंगाल के सिलीगुड़ी में मतदान केंद्र पर मॉक पोल जारी
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए प्रथम चरण के मतदान से पहले सिलीगुड़ी गर्ल्स हाई स्कूल, मतदान केंद्र संख्या 26 पर मॉक पोल जारी है।

आज बंगाल के पहले चरण के लिए मतदान होगा
आज बंगाल के पहले चरण के लिए मतदान होगा। बंगाल में पहले चरण में उत्तर बंगाल के आठ, दक्षिण बंगाल के तीन व जंगलमहल क्षेत्र के पांच जिले शामिल हैं।