Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'वो खुद स्टार थीं...मेरे लिए खुद को कुर्बान किया', पद्म भूषण मिलने के बाद भावुक हुए तमिल अभिनेता अजित कुमार

    Updated: Tue, 29 Apr 2025 11:01 PM (IST)

    दक्षिण भारतीय अभिनेता अजित कुमार को पद्म भूषण सम्मान मिलने के बाद उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी पत्नी शालिनी को दिया है। अजित ने कहा कि शालिनी ने अपने फिल्मी करियर को छोड़कर हमेशा उनका साथ दिया और मुश्किल समय में भी उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने शालिनी को अपनी ताकत बताते हुए कहा कि उनकी कामयाबी में शालिनी की कुर्बानियों का अहम रोल रहा है।

    Hero Image
    पद्म भूषण सम्मान मिलने के बाद पत्नी शालिनी को लेकर अभिनेता अजित कुमार ने कही ये बात।

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पद्म भूषण से सम्मानित होने के बाद साउथ सुपरस्टार अजित कुमार ने अपनी कामयाबी का श्रेय अपनी पत्नी शालिनी को दिया है। उन्होंने कहा कि शालिनी ने शोहरत को छोड़कर उनके लिए कई कुर्बानियां दीं और हमेशा उनका साथ निभाया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भारत के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किए जाने के बाद इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में अजित ने शालिनी के प्रति अपना शुक्रिया अदा किया।

    उन्होंने कहा, "मैं अपने परिवार का शुक्रगुजार हूं। शालिनी... उसने बहुत सारी कुर्बानियां दी हैं। वह मेरी ताकत रही है। मैं इस कायनात का शुक्रिया अदा करता हूं। जिन लोगों ने मुश्किल वक्त में मेरा साथ दिया, उन सबका आभारी हूं। और आभारी हूं मेरे चाहने वालों का, जो हर हाल में मेरे साथ खड़े रहे अच्छे वक़्त में भी और बुरे वक़्त में भी। सब कुछ अच्छा चल रहा है और उम्मीद है कि आगे भी ऐसा ही रहेगा।"

    "वो खुद सितारा थी, फिर भी पीछे हो गई"

    अजित कुमार ने आगे कहा, "मैं कोई सियासी बात नहीं कर रहा, मैं दिल से कह रहा हूं। वो खुद बहुत फेमस थी और लोगों की पसंदीदा थी। फिर भी उसने खुद को पीछे कर लिया। कई बार मेरी फैसले शायद सही नहीं थे, लेकिन उसने कभी मुझे रोका नहीं, हमेशा मेरा साथ दिया। आज मेरी जिंदगी में जो भी कामयाबी है, उसका बहुत बड़ा हिस्सा शालिनी के सब्र और साथ की वजह से है।"

    शालिनी और अजित कुमार की कहानी

    शालिनी एक मशहूर चाइल्ड आर्टिस्ट रह चुकी हैं और बाद में लीड एक्ट्रेस के तौर पर भी उन्हें काफी शोहरत मिली। उन्होंने 'जगदेका वीरुडु अतिलोका सुंदरी' और 'एंटे मामत्तिकुट्टियम्माक्कु' जैसी फिल्मों में बतौर बाल कलाकार काम किया, वहीं 'अलै पायुथे' और 'कन्नुक्कुल निलावु' में मुख्य भूमिका निभाई।

    2001 में आई फिल्म पिरियाधा वरम वेंडुम उनकी आखिरी फिल्म थी। शालिनी ने 2000 में अजित कुमार से शादी की और अब दोनों के दो बच्चे हैं। अजित ने अपने करियर की शुरुआत 1990 में फिल्म एन वीडू एन कनावर से की थी और अब तक कई हिट फिल्में दे चुके हैं। उनकी हालिया फिल्म गुड बैड अग्ली रही।

    यह भी पढ़ें: Kesari Chapter 2 Collection Day 12: केसरी 2 की बॉक्स ऑफिस पर हुई फतेह, Jaat को रौंदकर मंगलवार को किया कमाल