Dilip Kumar Death: 'मेला' से लेकर 'मुगल-ए-आजम' तक, इन फिल्मों ने बनाया दिलीप कुमार को लेजेंड स्टार, देखें पूरी लिस्ट
दिलीप कुमार ने बॉलीवुड को एक से बढ़कर एक फिल्में दी थीं। उन्होंने अपने शानदार अभिनय से बड़े पर्दे पर अमिट छाप छोड़ी थी। दिलीप कुमार के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। अपनी जिंदगी के आखिरी दिनों में दिलीप कुमार किसी सार्वजनिक आयोजनों में नजर नहीं आते थे

नई दिल्ली, जेएनएन। दिलीप कुमार ने बॉलीवुड को एक से बढ़कर एक फिल्में दी थीं। उन्होंने अपने शानदार अभिनय से बड़े पर्दे पर अमिट छाप छोड़ी थी। हिंदी सिनेमा में दिलीप कुमार के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। अपनी जिंदगी के आखिरी दिनों में दिलीप कुमार किसी सार्वजनिक आयोजनों में नजर नहीं आते थे, लेकिन वह सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस से रूबरू होते रहते थे।
दिलीप कुमार ट्विटर पर अपनी कुछ फिल्मों को भी याद करते रहते थे और उन फिल्मों के वीडियो भी साझा करते थे। हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता अब हमारे बीच भले ही न रहे हों लेकिन उनकी फिल्मों को हमेशा पसंद किया जाता रहेगा। ऐसे में हम आपको दिलीप कुमार की कुछ खास फिल्मों से मुखातिब करवाते हैं।
फिल्म- मेला
दिलीप कुमार की यह फिल्म साल 1948 में आई थी। इस फिल्म में उनके खास अभिनय ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। फिल्म मेला में दिलीप कुमार के साथ दिग्गज अभिनेत्री नरगिस मुख्य भूमिका में थीं। पर्दे पर दिलीप कुमार और नरगिस ने अपनी अमिट छाप छोड़ी थी।
फिल्म- तराना
दिलीप कुमार की यह ब्लैक एंड व्हाइट फिल्म थी। फिल्म तराना साल 1951 में आई थी। इस फिल्म में दिलीप कुमार के साथ खूबसूरत अदाकारा मधूबाला मुख्य भूमिका में थीं। फिल्म तराना का निर्देशन राम दरयानी ने किया था। फिल्म तराना को दर्शकों का काफी प्यार मिला था।
Tarana 1951. Retweet if it was good. pic.twitter.com/CpHnNBjeM4
— Dilip Kumar (@TheDilipKumar) June 25, 2021
फिल्म- दाग
यह दिलीप कुमार के करियर की बेहद खास फिल्मों में से एक रही थी। इस फिल्म में अपने शानदार अभिनय के लिए दिलीप कुमार ने फिल्मफेयर का पुरस्कार हासिल किया था। यह उनका पहला पुरस्कार था। उन्हें फिल्म दाग के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला था। यह फिल्म साल 1951 में आई थी। फिल्म में अभिनेत्री निम्मी मुख्य भूमिका में थीं। जबकि फिल्म का निर्देशन अमिय चक्रवर्ती ने किया था।
फिल्म- देवदास
दिग्गज अभिनेता के करियर की यह बेहद अलग और खास फिल्म है। दिलीप कुमार ने देवदास की ऐसी भूमिका अदा की थी जिसके आज भी लाखों सिनेप्रेमी कायल हैं। इस फिल्म के लिए भी उन्हें फिल्मफेयर का सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला था। विमल रॉय के निर्देशन में बनी फिल्म देवदास में दिलीप कुमार के अलावा वैजयंती माला और सुचित्रा सेन मुख्य भूमिका में थीं। यह फिल्म 1955 में आई थी।
फिल्म- नया दौर
साल 1957 में दिलीप कुमार के अभिनय का वह रंग देखने को मिला, जिसकी उनके प्रशंसकों और सिनेप्रेमियों ने उम्मीद भी नहीं की होगी। उन्होंने फिल्म नया दौर में एक गरीब किसान के बेटे का किरदार निभाया था, जो दर्शकों को खूब पसंद आया था। संगीत से लेकर कहानी तक, दर्शकों ने फिल्म की हर चीज को खूब पसंद किया था। फिल्म नया दौरान में दिलीप कुमार के साथ वैजयंती माला, अजीत खान, जॉनी वॉकर और जीवन जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में थे।
फिल्म- पैगाम
इस फिल्म में दिलीप कुमार के साथ वैजयंती माला, राज कुमार, पंडारी बाई और जॉनी वॉकर जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में थे। यह एक फैमिली ड्रामा फिल्म थी, जिसने बड़े पर्दे पर काफी सुर्खियां बटोरी थीं। फिल्म पैगाम साल 1959 में आई थी। इस फिल्म का निर्देशन एस एस वासन, रामानंद सागर ने किया था।
Paigham 1959. Retweet if you like the scene. pic.twitter.com/w79gxzLish
— Dilip Kumar (@TheDilipKumar) June 16, 2021
फिल्म- मुगल-ए-आजम
यह फिल्म साल 1960 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। यह फिल्म न केवल दिलीप कुमार और मधुबाला के करियर की शानदार फिल्म थी बल्कि यह हिंदी सिनेमा की सदाबहार फिल्मों में से एक हैं। फिल्म मुगल-ए-आजम का निर्देशन के आसिफ ने किया था। इस फिल्म से जुड़े कई किस्सा कहानियां आज भी चर्चा में हैं।
Mohabbat kijiyega to dil se dar nikal jayega. #mughalEazam @TheDilipKumar. pic.twitter.com/rwireawynV
— faisal farooqui (@FAISALmouthshut) January 20, 2021
अन्य फिल्म
दिलीप कुमार ने इनके अलावा और भी कई शानदार फिल्मों में काम किया था। उन्हें लीडर (1964), राम और श्याम (1967) और शक्ति (1982) जैसी कई बेहतरीन फिल्मों के लिए फिल्मफेयर का पुरस्कार मिला था। इसके अलावा दिलीप कुमार बहुत से फिल्मों के लिए फिल्मफेयर में नॉमिनेट भी हुए थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।