एक भी मैच हारे बिना विश्व कप से बाहर हुआ कोलंबिया, पेनल्टी शूटआउट में अंतिम-8 में स्विट्जरलैंड
वेंकूअर में हुए फीफा विश्व कप अंतिम-16 के मुकाबले में प्रमुख खिलाड़ियों की चोट से जूझ रही स्विट्जरलैंड ने कोलंबिया को पेनाल्टी शूटआउट में हराकर बाहर क ...और पढ़ें

स्विट्जरलैंड ने कोलंबिया को पेनाल्टी शूटआउट में हराकर बाहर का रास्ता दिखा दिया।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। वेंकूअर में हुए फीफा विश्व कप अंतिम-16 के मुकाबले में प्रमुख खिलाड़ियों की चोट से जूझ रही स्विट्जरलैंड ने कोलंबिया को पेनाल्टी शूटआउट में हराकर बाहर का रास्ता दिखा दिया।
तय वक्त और अतिरिक्त समय में मैच 0-0 की बराबरी पर रहने के बाद इसका फैसला पेनल्टी शूटआउट में हुआ जहां कोलंबिया के खिलाड़ी दो बार चूके जबकि स्विट्जरलैंड ने बस एक बार मौका गंवाते हुए मैच 4-3 से जीत लिया। स्विट्जरलैंड की टीम अब अंतिम-8 में अर्जेंटीना का सामना करेगी जिन्होंने मिस्र को 3-2 से हराया था।
साल 1954 में टूर्नामेंट की मेजबानी करने के बाद से स्विट्जरलैंड कभी भी फीफा विश्व कप में इतना आगे तक नहीं आया। इस मैच में ये टीम युवा मिडफील्डर जोहान मंजांबी के बिना उतरी थी। ट्रेनिंग के दौरान चोट लगने के चलते मंजांबी इस मैच में नहीं खेल पाए। स्विट्जरलैंड के लिए विजयी पेनाल्टी पर गोल करने वाले रूबन वर्गास भी मैच के 90+2 मिनट में मैदान पर आए, उन्हें भी ट्रेनिंग के दौरान कुछ समस्या हुई थी।
इतनी समस्याओं के बावजूद स्विट्जरलैंड की टीम ने कमाल का खेल दिखाते हुए फीफा विश्व कप 2026 में एक भी मैच नहीं हारी कोलंबिया को बाहर का रास्ता दिखा दिया। लीग चरण में कोलंबिया ने दो मैच जीते थे जबकि पुर्तगाल के विरुद्ध इनका मैच ड्रॉ रहा था।
शूटआउट के दौरान कोलंबिया के खिलाड़ी दबाव में दिखे और डिफेंडर डेविंसन सांचेज अपनी पेनाल्टी को क्रासबार पर मार बैठे जबकि कुको हर्नांडेज का शाट स्विट्जरलैंड के गोलकीपर ग्रेगोर कोबेल ने रोक लिया। कोलंबिया के लिए पहला शॉट लेने वाले जुआन क्विंतेरो ने अपनी पेनाल्टी को सफलतापूर्वक गोल में भेजा जबकि स्विट्जरलैंड की ओर से आए कप्तान ग्रैतिन ज्हाका भी सफल रहे।
खबरें और भी
लेकिन कोलंबिया की दूसरी किक लेने आए सांचेज से गलती हो गई और जेकी अमदुनी ने गोल मार स्विट्जरलैंड को 2-1 से आगे कर दिया। अब कोलंबिया को सारे मौकों को भुनाना था और जैमिंतन कैंपाज ने उन्हें 2-2 की बराबरी दिला दी, भाग्य ने कोलंबिया का थोड़ा और साथ दिया जब स्विस डिफेंडर अकांजी अपना शॉट मिस कर गए।
तीन-तीन किक के बाद स्कोर 2-2 था लेकिन फिर कुको के पेनाल्टी मिस करते ही स्विट्जरलैंड का हारना लगभग पक्का हो गया। सेड्रिक इत्तन ने स्विट्जरलैंड को 3-2 से आगे किया और फिर लुइस दियाज ने कोलंबिया की आखिरी पेनाल्टी पर गोल मार स्कोर 3-3 किया लेकिन रूबन वर्गास द्वारा स्विट्जरलैंड की आखिरी पेनाल्टी पर स्कोर करते ही बाकी सब अर्थहीन हो गया और स्विट्जरलैंड ने मैच 4-3 से जीत लिया।