Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    FIFA World Cup 2026: फैक्ट्री से निकलकर जर्मनी के नायक बने उंडव, बचाई टीम की लाज

    Updated: Mon, 22 Jun 2026 11:35 AM (IST)

    डेनिज उंडव, जो कभी फैक्ट्री में मजदूरी करते थे ने फीफा विश्व कप 2026 में जर्मनी को आइवरी कोस्ट के खिलाफ जीत दिलाकर नॉकआउट चरण में पहुंचाया। उनके दो मह ...और पढ़ें

    डेनिज उंडव ने बचाई जर्मनी की लाज

    डेनिज उंडव ने बचाई जर्मनी की लाज

    HighLights

    1. डेनिज उंडव ने जर्मनी को नॉकआउट चरण में पहुंचाया

    2. फैक्ट्री में मजदूरी करते हुए फुटबॉलर बनने का सपना देखा

    3. आइवरी कोस्ट के खिलाफ दो गोल कर टीम को जिताया

    जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली: जर्मनी ने जब पिछला विश्व कप जीता था लगभग उसी वक्त 17 साल का एक लड़का फैक्ट्री में मजदूरी करते हुए अपने फुटबॉलर बनने के सपने को जिंदा रखने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा था। सुबह चार बजे उठकर फैक्ट्री जाना और फिर आठ घंटे की शिफ्ट के बाद सेमी-प्रोफेशनल फुटबॉल खेलना।

    फुटबॉल से पेट पालने भर की कमाई ना होने के चलते इसे मजदूरी करनी पड़ती थी। इन दिनों के 12 साल बाद 20 जून 2026 की बीतती रात इसी लड़के ने 2014 के बाद जर्मनी को पहली बार फुटबॉल विश्व कप के नॉकआउट में पहुंचा दिया। नाम याद कर लीजिएगा- डेनिज उंडव।

    कोच को नहीं है भरोसा

    यजीदी मूल के डेनिज का परिवार उनके जन्म से कई साल पहले अपनी जन्मभूमि छोड़कर जर्मनी आ बसा था। डेनिज बीते कुछ वक्त से लगातार जर्मनी की फुटबॉल टीम के साथ हैं, लेकिन कोच जूलियन को इन पर इतना भरोसा नहीं है, वह डेनिज को शुरुआत में मौका देते ही नहीं ज्यादातर वक्त यह स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में ही खेलते हैं।

    शनिवार देर रात भी इन्हें 59वें मिनट में मौका दिया, इस वक्त तक जर्मनी की टीम 1-0 से पीछे थी। कनाडा के टोरंटो स्टेडियम में आइवरी कोस्ट ने जर्मनी को परेशान कर रखा था। पहला हाफ जर्मनी के लिए बहुत झुंझलाहट भरा बीता। आइवरी के लिए फ्रैंक केस्सिए ने 30वें मिनट में गोल कर दिया, जर्मन डिफेंडर निको श्लोटरबेक चोटिल होकर बाहर जा चुके थे और तो और इसी हाफ में जर्मनी के दो गोल भी अमान्य करार दिए जा चुके थे।

    खबरें और भी

    पलट दिया पासा

    इन स्थितियों के बीच जब मैच में लगभग आधे घंटे का वक्त बाकी था, उंडव मैदान पर आए। मैच के 68वां मिनट में उंडव के साथ ही मैदान पर आए नदीम अमीरी ने मैदान के बाईं ओर से एक लंबा क्रॉस आइवरी के बॉक्स में डाला। काइ हावर्त्ज उछले लेकिन गेंद उन्हें पार करते हुए उंडव तक आ गई और उंडव ने मौके का पूरा फायदा उठाते हुए हेडर के जरिए इसे गोल में पहुंचाकर जर्मनी को बराबरी दिला दी। आइवरी कोस्ट की टीम इससे निराश तो थी लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और तय कर लिया कि मैच से कम से कम एक अंक तो लेकर ही जाएंगे।

    नियत 90 मिनट तक वो सफल होते भी दिख रहे थे लेकिन अतिरिक्त समय के चौथे मिनट में उंडव ने उनका दिल ही तोड़ दिया। फेलिक्स मेचा के पास पर उंडव ने घूमते हुए बॉक्स के अंदर से ऐसा करारा शॉट जमाया कि आइवरी कोस्ट का गोलकीपर जब तक हिल पाता, गेंद गोल के अंदर थी। उंडव इस विश्व कप के पहले दोनों मैचों में मिलाकर तीन गोल और दो असिस्ट कर चुके हैं।

    यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: मिस्र ने खत्म किया 92 साल का सूखा, न्यूजीलैंड को हरा हासिल की वर्ल्ड कप की पहली जीत

    यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: स्टेडियम में उड़ा मजाक, ईरान ने बेल्जियम को ड्रॉ पर रोक दिया मुंहतोड़ जवाब