FIFA World Cup 2026 ने तोड़ा 68 साल का रिकॉर्ड, 33 मैचों में गोल का शतक हुआ पूरा
फीफा वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच इन दिनों चरम पर है। कई देशों के फुटबॉल प्रेमी अपनी रातों की नींद खराब कर रहे हैं। ...और पढ़ें
-1782036541843_m.webp)
फीफा वर्ल्ड कप 2026
HighLights
48 टीमों के बीच हो रही टक्कर
कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे
12 जून को हुई थी शुरुआत
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। फीफा वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच इन दिनों चरम पर है। कई देशों के फुटबॉल प्रेमी अपनी रातों की नींद खराब कर रहे हैं। इस बीच फीफा विश्व कप 2026 में 68 साल पुराना रिकॉर्ड भी टूट गया है। फुटबॉल के इस महाकुंभ के पहले 33 मैच में ही 100 गोल हो गए हैं।
मैक्सिको के जूलियन क्विनोन्स ने 12 जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2-0 की जीत के साथ इस वर्ल्ड कप में गोल करने की शुरुआत की थी। नीदरलैंड्स के कोडी गैकपो ने रविवार (IST) को स्वीडन के खिलाफ 5-1 की जीत में टीम का तीसरा गोल करके इस साल के टूर्नामेंट का 100वां गोल किया।
33 मैच में 100 गोल
33 मैचों में 100 गोल तक पहुंचना टूर्नामेंट के इतिहास में पिछले 68 सालों का सबसे अच्छा रिकॉर्ड है। इसने 1982 और 2014 में बने 36 मैचों के रिकॉर्ड और 1978 व 1994 में लगे 38 मैचों के समय को पीछे छोड़ दिया है। अब तक का सबसे अच्छा रिकॉर्ड स्विट्जरलैंड में हुए 1954 के टूर्नामेंट का है, जब 100 गोल का आंकड़ा छूने में सिर्फ 20 मैच लगे थे। इसे वेस्ट जर्मनी ने जीता था।
मॉन्टेरी स्टेडियम में जापान और ट्यूनीशिया के बीच खेला गया ग्रुप F का मैच FIFA वर्ल्ड कप के इतिहास का 1,000वां मैच था। फीफा ने कहा, "'मैच 1,000' लंबे समय तक चलने वाले सफर और फुटबॉल व फीफा वर्ल्ड कप के लिए इंसानों के कभी न खत्म होने वाले प्यार का प्रतीक है। साथ ही यह इस बात का भी सबूत है कि फुटबॉल में बाधाओं को तोड़ने और समुदायों व देशों को एक साथ लाने की अनोखी क्षमता है।"
खबरें और भी
12 ग्रुप में बांटी गई टीम
उत्तरी अमेरिका में होने वाले फीफा वर्ल्ड कप 2026 में 48 देश हिस्सा ले रहे हैं। इन्हें 4-4 के 12 ग्रुप में बांटा गया है। सभी टीमों के बीच कुल 104 मैच खेले जांएगे। हर ग्रुप की टॉप दो टीमें और तीसरे स्थान पर रहने वाली आठ सबसे अच्छी टीमें नॉकआउट स्टेज में पहुंचेंगी।