France vs Sweden Highlights: फ्रांस ने स्वीडन को 3-0 से रौंदा, एमबाप्पे के डबल गोल के दम पर प्री-क्वार्टर फाइनल में मारी एंट्री
फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में फ्रांस ने स्वीडन को 3-0 से हराकर अंतिम-16 में जगह बनाई। इस मैच में किलियन एमबाप्पे ने दो गोल दागे, जबकि ब्रैडली ...और पढ़ें

FIFA World Cup 2026: फ्रांस ने स्वीडन को 3-0 से रौंदा
HighLights
स्वीडन के खिलाफ 3-0 से जीता फ्रांस
फ्रांस ने राउंड-16 में बनाई जगह
एमबाप्पे ने दागे दो गोल
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 मैच में फ्रांस ने स्वीडन पर 3-0 से एकतरफा जीत दर्ज करते हुए अंतिम-16 का टिकट कटा लिया है। इस मुकाबले में स्टार फुटबॉलर किलियन एमबाप्पे ने दमदार खेल दिखाते हुए दो गोल दागे, जबकि तीसरा गोल ब्रैडली बारकोला के खाते में गया। ग्रुप स्टेज में अजेय रहने के बाद, फ्रांस की टीम ने नॉकआउट दौर में भी अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखा है।
पहले हाफ में दिखा फ्रांस का एकतरफा दबदबा
मुकाबले के पहले 45 मिनट में पूरी तरह से फ्रांसीसी टीम का बोलबाला रहा। फ्रांस ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाते हुए स्वीडन के डिफेंस पर लगातार धावा बोला और पहले हाफ में कुल 15 शॉट दागे। हालांकि, इस दौरान टीम की किस्मत ने थोड़ा कम साथ दिया। किलियन एमबाप्पे का एक गोल ऑफसाइड होने की वजह से अमान्य करार दिया गया, जबकि उनका एक अन्य शॉट गोलपोस्ट से टकराकर चूक गया। वहीं माइकल ओलीसे की एक बेहतरीन ओवरहेड किक भी पोस्ट से लगकर बाहर निकल गई।
एमबाप्पे के डबल गोल ने फ्रांस को दिलाई बढ़त
लगातार हमलों का फायदा फ्रांस को पहले हाफ के इंजरी टाइम (अतिरिक्त समय) में मिला, जब किलियन एमबाप्पे ने एक दर्शनीय गोल दागकर टीम का खाता खोला। इसके बाद दूसरे हाफ में भी फ्रांस ने दबाव बनाए रखा और 53वें मिनट में ब्रैडली बारकोला ने स्कोर 2-0 कर दिया। मैच के 74वें मिनट में एमबाप्पे ने एक बार फिर अपना जादू दिखाया और व्यक्तिगत दूसरा गोल करते हुए फ्रांस की 3-0 से जीत पर मुहर लगा दी।
फ्रांस के सामने स्वीडन ने टेके घुटने
दूसरे हाफ में भी फ्रांस ने ही मैच पर दबदबा बनाए रखा। माइकल ओलीसे के शानदार पास पर बारकोला ने गोल कर बढ़त 2-0 कर दी। स्वीडिश कीपर जैकब ज़ेटरस्ट्रॉम ने कुछ शानदार बचाव जरूर किए, लेकिन 74वें मिनट में ओलीसे के एक और असिस्ट पर कप्तान एमबाप्पे ने अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया। इस गोल के साथ एमबाप्पे के वर्ल्ड कप इतिहास में 18 गोल हो चुके हैं, जबकि इस विश्व कप य उनका छठा गोल है। फ्रांस अब 4 जुलाई को फिलाडेल्फिया में राउंड-16 के मैच में पराग्वे से भिड़ेगा।