Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    FIFA World Cup 2026: जर्मनी को आइवरी कोस्ट से मिलेगी चुनौती, 52 साल बाद भिड़ेंगे नीदरलैंड्स और स्वीडन

    Updated: Sat, 20 Jun 2026 12:50 PM (IST)

    फीफा विश्व कप के ग्रुप ई में जर्मनी का सामना आइवरी कोस्ट से होगा, जहां यान डियोमांडे उनके लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं। वहीं, ग्रुप एफ में 52 साल ...और पढ़ें

    आसान नहीं है जर्मनी की राह

    आसान नहीं है जर्मनी की राह

    HighLights

    1. जर्मनी का सामना आइवरी कोस्ट से

    2. नीदरलैंड्स और स्वीडन 52 साल बाद विश्व कप में टकराएंगे

    3. जापान ट्यूनीशिया के खिलाफ पहली जीत की तलाश में

    जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली: फीफा विश्व कप के ग्रुप ई में अपने पहले मुकाबले में कुराकाओ को 7-1 से रौंदने वाली जर्मनी टीम की शनिवार को अफ्रीकी देश आइवरी कोस्ट के विरुद्ध टूर्नामेंट की पहली असल परीक्षा होगी। इसमें आइवरी कोस्ट के विंगर यान डियोमांडे 2014 की चैंपियन टीम जर्मनी के लिए सबसे बड़ी चुनौती होंगे।

    बुंडेसलीगा में तेजी से आगे बढ़ने वाले डियोमांडे चार बार की विश्व चैंपियन जर्मनी के लिए सबसे बड़ा खतरा बन सकते हैं। लगातार 10 मैच जीतकर आ रही जर्मन टीम को अगर 2014 के बाद पहली बार विश्व कप के नॉकआउट स्टेज में पहुंचना है तो उसे कनाडा के टोरंटो में होने वाले मुकाबले में आइवरी कोस्ट के 19 वर्षीय डियोमांडे को हर हाल में रोकना होगा।

    बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं आगे

    डियोमांडे जर्मन क्लब आरबी लीपजिग में अपने पहले सीजन में 12 गोल और आठ असिस्ट के साथ आ रहे हैं। इसलिए जर्मनी के कप्तान जोशुआ किमिच का भी कहना है कि डियोमांडे का विकास बहुत तेजी से हुआ है। वह अचानक रुकते और फिर तेजी से आगे बढ़ते हैं। आइवरी कोस्ट की टीम ग्रुप ई के अपने पहले मुकाबले में इक्वाडोर को 1-0 से बमुश्किल हरा सकी थी, इसलिए फिलहाल कागजों पर तो जर्मन टीम ही मजबूत नजर आ रही है।

    52 साल बाद भिड़ेंगे नीदरलैंड्स और स्वीडन

    विश्व कप के ग्रुप एफ के मुकाबले में अमेरिका के ह्यूस्टन में स्वीडन और नीदरलैंड्स आमने-सामने होंगे। 1974 के बाद यह दोनों टीमें इस टूर्नामेंट में पहली बार भिड़ेंगी। तब इन दोनों टीमों के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा था। 1974, 1978 और 2010 की उपविजेता नीदरलैंड्स टीम ने इस बार टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत जापान से 2-2 से ड्रॉ के साथ की थी। वहीं 1958 के उपविजेता स्वीडन अपने पहले मुकाबले में ट्यूनीशिया को 5-1 से रौंदकर आ रहा है।

    खबरें और भी

    इक्वाडोर के विरुद्ध संभलना चाहेगा कुराकाओ

    अमेरिका की कंसास सिटी में होने वाले ग्रुप ई के मुकाबले में अब कुराकाओ को इक्वाडोर के विरुद्ध संभलने की जरूरत होगी, क्योंकि अपने पहले ही मुकाबले में जर्मनी से बुरी तरह हारने के बाद कुराकाओ के पास अधिक मौका नहीं बचा है, वहीं दूसरी ओर इक्वाडोर अपने पहले मुकाबले में आवरी कोस्ट के विरुद्ध अंत तक मैच में बना रहा था और अंत में ही गोल खाकर हारा था।

    ट्यूनीशिया के विरुद्ध जीत को बेताब जापान

    एशिया की फुटबॉल महाशक्ति जापान इस विश्व कप में अपनी पहली जीत को बेताब है। नीदरलैंड्स से ड्रॉ खेलने के बाद अब जापान को ग्रुप एफ के अपने दूसरे मुकाबले में मेक्सिको के मोंटेरे में ट्यूनीशिया से भिड़ना है। ऐसे में स्वीडन से बुरी तरह हार कर आ रहे ट्यूनीशिया को हराने का जापान के पास अच्छा मौका हो सकता है।

    यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: पैसे देने के बाद भी फैंस को नहीं मिले टिकट, वेबसाइटों ने लगा दिया चूना

    यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: माथेयास कुनहो के दम पर ब्राजील ने खोला खाता, हैती को दी एकतरफा मात