FIFA World Cup 2026: केप वर्डे के सदमे को भुला नई शुरुआत पर स्पेन की नजरें, बेल्जियम के सामने ईरान की चुनौती
केप वर्डे से ड्रॉ के बाद स्पेन सऊदी अरब के खिलाफ अपनी पहली जीत दर्ज करने की कोशिश करेगा, जबकि बेल्जियम का सामना ईरान से होगा। अन्य मैचों में न्यूजीलैं ...और पढ़ें

स्पेन की नजरें पहली जीत पर
HighLights
स्पेन केप वर्डे से ड्रॉ के बाद सऊदी अरब से भिड़ेगा
लामिन यमाल चोट के बावजूद स्पेन के लिए उपलब्ध रहेंगे
बेल्जियम और ईरान अपनी पहली जीत के लिए संघर्ष करेंगे
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली: फीफा विश्व कप के अपने पहले ही मुकाबले में केप वर्डे जैसे कमजोर प्रतिद्वंदी से 0-0 से ड्रॉ खेलकर सदमे में आई 2010 की चैंपियन टीम स्पेन अब इस गम को भुलाकर रविवार को एक और कमजोर प्रतिद्वंदी सऊदी अरब के विरुद्ध पूरे दमखम के साथ मैदान पर उतरने की कोशिश करेगी।
हालांकि, उरुग्वे के विरुद्ध शुरुआती मुकाबले में 1-1 से ड्रॉ खेलकर आ रही सऊदी अरब टीम भी स्पेन को चौंकाने की पूरी कोशिश करेगी। अमेरिका के अटलांटा में होने वाले इस मुकाबले में स्पेन के स्टार लामिने यमाल हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरने की प्रक्रिया के चलते भले ही पूरे मैच के लिए उपलब्ध नहीं होंगे, लेकिन उनका कहना है कि उन्हें जितना भी समय मिलेगा, उसमें टीम की पूरी मदद करने की कोशिश करेंगे।
यमाल रहे थे नाकाम
18 वर्षीय यमाल लगभग दो महीने बाद पहली बार इस टूर्नामेंट में केप वर्डे विरुद्ध मैच में 25 मिनट खेले थे, लेकिन गोल के सूखे से जूझ रही टीम के लिए स्कोर नहीं कर सके थे। उनका कहना है कि मैं ठीक हूं, लेकिन अभी पूरा मैच खेलने के लिए बहुत जल्दी होगी। मैनेजर जितना समय चाहेंगे, मैं उतने मिनट खेल सकता हूं। उन्होंने कहा कि भले ही आपको पता हो कि आप 90 मिनट तक नहीं खेल सकते, फिर भी आप हमेशा मैदान पर उतरकर टीम की मदद करना चाहते हैं।
बेल्जियम का सामना करेगी ईरान टीम
ग्रुप जी में बेल्जियम का सामना ईरान से होगा। अमेरिका के साथ युद्ध के चलते टूर्नामेंट के दौरान असुविधाओं को लेकर लगातार शिकायत कर रही ईरान की टीम ने अपने शुरुआती मुकाबले में न्यूजीलैंड से 2-2 से ड्रॉ खेलकर आ रही है। वहीं, बेल्जियम टीम भी मिस्र के विरुद्ध अपने पहले मुकाबले में 1-1 से ड्रॉ के साथ संतोष करते हुए इस मैच में उतरेगी। ऐसे में लॉस एंजिलिस में होने वाले इस मुकाबले में दोनों टीम पहली जीत दर्ज करने को बेताब होंगी।
खबरें और भी
मिस्र और न्यूजीलैंड पहली जीत की तलाश में
ग्रुप जी के एक अन्य मुकाबले में कनाडा के वैंकूवर न्यूजीलैंड और मिस्र की टीम भी टूर्नामेंट की अपनी पहली जीत दर्ज करना चाहेंगी। यह जीत इन टीमों को लगभग नॉकआउट स्टेज में पहुंचा देगी। ग्रुप जी की सभी चार टीमों के अपने पहले मैच ड्रॉ होने के कारण मुकाबला बहुत कड़ा बना हुआ है। न्यूजीलैंड ने 2010 में अपने पिछले विश्व कप में तीनों मैच ड्रा खेले थे।
केप वर्डे के सामने अब उरुग्वे की चुनौती
स्पेन को चौंका कर टूर्नामेंट में सुर्खियां बटोर चुकी केप वर्डे की टीम का अब ग्रुप एच के अपने दूसरे मुकाबले में उरुग्वे से भिड़ेगी। वहीं उरुग्वे की टीम सऊदी अरब से शुरुआती मुकाबला ड्रॉ खेलने की निराशा को भुलाकर अमेरिका के मियामी में होने वाले इस मुकाबले में जीत दर्ज कर अपनी पुरानी शान को वापस पाने की भरसक कोशिश करेगी।