8 महीने में ही Sunil Chhetri ने रिटायरमेंट लिया वापस, मार्च में बांग्लादेश के खिलाफ खेलेंगे मुकाबला
40 साल की उम्र में सुनील छेत्री भारत के लिए एक बार फिर फुटबॉल खेलते हुए दिखाई देंगे। छेत्री ने पिछले साल जून में फीफा वर्ल्ड कप 2026 क्वालीफायर में कुवैत के साथ गोल रहित ड्रॉ के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा की थी। वह 25 मार्च को बांग्लादेश के खिलाफ एएफसी एशियाई कप 2027 के क्वालीफायर के तीसरे दौर के लिए रिटायरमेंट से वापस आएंगे।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के स्टार फुटबॉल खिलाड़ी सुनील छेत्री ने अचानक से अपना रिटायरमेंट वापस ले लिया है। रिटायरमेंट से वापसी के बाद अब वह मार्च में ही फिर से फुटबॉल के मैदान में खेलते हुए भी दिखाई देने वाले हैं।
छेत्री ने पिछले साल जून में फीफा वर्ल्ड कप 2026 क्वालीफायर में कुवैत के साथ गोल रहित ड्रॉ के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा की थी। संन्यास के करीब 8 महीने बाद फिर से उनकी वापसी हो रही है। छेत्री 25 मार्च को बांग्लादेश के खिलाफ एएफसी एशियाई कप 2027 के क्वालीफायर के तीसरे दौर में भारतीय जर्सी में फिर खेलते हुए दिखाई देंगे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किए हैं 94 गोल
गौरतलब हो कि सुनील छेत्री ने भारत संन्यास के बाद डिवीजन इंडियन सुपर लीग में बेंगलुरु एफसी के लिए खेलना जारी रखा है, जिसमें 12 गोल करके वह इस सीजन में सबसे ज्यादा गोल करने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 94 गोल के साथ, वह क्रिस्टियानो रोनाल्डो, लियोनेल मेसी और अली डेई के बाद चौथे सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं।
इंडियन फुटबॉल टीम ने की पुष्टि
इंडियन फुटबॉल टीम की ओर से एक सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी गई है। पोस्ट में कहा गया है कि सुनील छेत्री वापसी कर रहे हैं। कप्तान, नेता, दिग्गज मार्च में फीफा इंटरनेशनल विंडो के लिए भारतीय राष्ट्रीय टीम में वापसी करेंगे। अपने करीब 19 साल के करियर में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 150 मैच में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।
छेत्री को मिले हैं कई पुरस्कार
सुनील छेत्री को 2011 में अर्जुन पुरस्कार और 2019 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। साल 2021 में वह भारत के सर्वोच्च खेल सम्मान खेल रत्न पुरस्कार पाने वाले पहले फुटबॉलर बने थे। हाल ही में एक साक्षात्कार में, भारत के पूर्व कप्तान बाइचुंग भूटिया ने स्ट्राइकरों की कमी पर दुख जताया था और सुनील छेत्री की प्रशंसा की थी।
भूटिया ने कहा, कुछ भारतीय स्ट्राइकरों और आक्रामक मिडफील्डरों के साथ कुछ बेहतरीन पल रहे हैं, लेकिन निरंतरता नहीं है। इसलिए, हम यह नहीं कह पाए हैं कि कोई विशेष खिलाड़ी भारतीय फुटबॉल को (छेत्री के बाद) आगे ले जाएगा।
यह भी पढ़ें- Sunil Chhetri: क्या सुनील छेत्री ने बदल लिया है मन? रिटायरमेंट प्लान पर दिग्गज फुटबॉलर ने कही ये बात
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।