ट्राला चालक ने एक्टिवा को मारी टक्कर, टायर के नीचे आने से महिला और आठ महीने के बच्चे की मौत
अंबाला-जगाधरी मार्ग पर हुए एक दर्दनाक हादसे में एक महिला और उसके आठ महीने के बच्चे की मौत हो गई। ट्राला की टक्कर से एक्टिवा सवार मां-बेटा गिर गए और कुचले गए। महिला का पति घायल है और आरोपी ट्राला चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक महिला सपेहड़ा की निवासी थी और बच्चे का पीजीआई में इलाज चल रहा था।
-1760377488348.webp)
ट्राला चालक ने एक्टिवा को मारी टक्कर। सांकेतिक फोटो
जागरण संवाददाता, अंबाला। अंबाला-जगाधरी रोड़ पर हुए हादसे में महिला व उसके आठ माह के बच्चे की मौत हो गई। ट्राला की साइड लगने के बाद एक्टिवा पर सवार मां-बेटा गिर गए और टायरों के नीचे आकर कुचले गए। हादसे में महिला का पति कृष्ण कुमार भी घायल हुआ है। आरोपित ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसे अंबाला कैंट बस स्टैंड के पास से काबू किया।
मृतक महिला की पहचान वंदना निवासी सपेहड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने महिला व उसके बच्चे के शव को नागरिक अस्पताल अंबाला कैंट पहुंचाया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा सोमवार सुबह करीब पांच बजे हुआ। जानकारी के अनुसार वंदना (25) अपने पति कृष्ण निवासी सपेहड़ा के साथ एक्टिवा से पीजीआइ चंडीगढ़ जा रहे थे। उसकी गोद में आठ माह का बच्चा भी था। उसका उपचार पीजीआइ से चल रहा था।
स्वजनों का कहना है कि बच्चे में खून की कमी थी, जिसके कारण उसका रूटीन में चेकअप करवाने ले जा रहे थे। जब वे अंबाला-जगाधरी नेशनल हाईवे पर एसडी कालेज के पास पहुंचे तो लोहे के गार्डर से लदे ट्राला ने एक्टिवा में साइड से टक्कर मार दी। इससे कृष्ण कुमार का नियंत्रण एक्टिवा से खो गया और गिर गए। वंदना व उसका आठ माह का बच्चा ट्राला के पहिये के नीचे आ गए।
उसके साथ ही अन्य एक्टिवा पर आ रहा रमेश चंद भी इसमें घायल हुआ। हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हाउसिंग बोर्ड चौकी पुलिस सूचना पाकर मौके पर पहुंची और शवों को नागरिक अस्पताल अंबाला कैंट पहुंचाया।
पुलिस ने ट्राला का पीछा भी किया और उसे बस स्टैंड अंबाला कैंट से काबू कर लिया। चालक की पहचान सोहन चौधरी निवासी अजमेर राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस ने स्वजनों की शिकायत पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।