Bahadurgarh News: 32 घंटे में 45.20 एमएम बारिश, खेतों से सड़क तक बढ़ी आफत; 50 जगह टूटे बिजली खंभे
बहादुरगढ़ में बारिश ने कहर बरपाया जिससे 50 से ज्यादा बिजली के खंभे टूट गए और सौलधा पावर हाउस की सप्लाई ठप हो गई। खेतों में पानी भरने से धान की फसल खरा ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। बारिश के रूप में आसमान से बरस रही आफत मंगलवार को भी जारी रही। यहां 32 घंटे में 45.20 एमएम बारिश हुई। इससे खेतों से सड़क तक आफत बढ़ गई।
वहीं 50 से ज्यादा बिजली खंभे टूट गए। इससे साैलधा पावर हाउस की सप्लाई कई घंटे तक ठप रही। देर शाम तक सप्लाई चालू नहीं हो पाई थी। वहीं खेतों में बिछी धान की फसल के लिए संकट और बढ़ गया। खेतों में जलभराव बढ़ गया है।
इससे खेतों में बिछी धान की फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है। वहीं सेक्टरों और कॉलोनियों की सड़कों के अलावा कई मार्गों पर भी जलभराव हो गया। सब्जी मंडी में भी जलभराव हुआ। इससे लोगों के लिए परेशानी खड़ी हो गई है।
50 से ज्यादा जगहों पर खंभे टूटे, सौलधा पावर हाउस से सप्लाई ठप
भारी बरसात के चलते बिजली व्यवस्था को भी नुकसान पहुंचा है और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सौलधा पावर हाउस की लाइन के चार खंभे गिर गए। इससे यहां की सप्लाई ठप हो गई।
पिछले महीने भी यहां पर यही दिक्कत आई थी। सड़क के साथ मिट्टी के कटाव के चलते खंभे गिरने की नौबत आई। वहीं जगरतपुर फीडर के 18 खंभे गिर गए। जबकि एचएसवीपी फीडर के करीब 30 खंभे गिर गए।
तीन दिन से जारी है आफत
तीन दिनों से बारिश का दौर चल रहा है। सोमवार सुबह 8 बजे से मंगलवार शाम 4 बजे तक 45.20 एमएम बारिश दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 20 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि एक्यूआई 71 माइक्रोग्राम रहा।
सोमवार की रात करीब दो बजे तेज आंधी के साथ बारिश हुई। फिर मंगलवार को सुबह के समय कुछ देर बादल छंटे और शाम 4 बजे दोबारा काले बादल छा गए। इसके बाद तेज बारिश हुई।
बारिश से शहर के झील मुहल्ला, बाग वाला मुहल्ला, आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र, सेक्टर-6, सेक्टर-2 व 7, छोटूराम नगर समेत कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई है। झज्जर रोड पर आइटीआइ के सामने नाला ओवरफ्लो हो गया। सड़क पर डेढ़ फीट तक पानी जमा हो गया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वीरवार को मौसम साफ हो सकता है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।