दुष्यंत चौटाला का हरियाणा कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष और चार कार्यकारी अध्यक्ष पर तंज, जानें क्या कहा
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि नए प्रदेश अध्यक्ष कार्यकारी अध्यक्षों पर नजर रखेंगे और चार कार्यकारी अध्यक्ष एक-दूसरे पर और प्रदेश अध्यक्ष पर नजर रखेंगे। दुष्यंत चौटाला ने कुलदीप बिश्नोई पर भी व्यंग्य कसते हुए कहा जो इंसान फैसला नहीं ले सकता वो आगे नहीं बढ़ सकता।

फरीदाबाद [सुशील भाटिया]। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने विपक्षी दल कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने पर करारा तंज कसा है। शुक्रवार को यहां ग्रीवेंस कमेटी में शिकायतें सुनने आए दुष्यंत चौटाला ने बैठक के मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा कि एक नया प्रदेश अध्यक्ष और उसके साथ चार कार्यकारी अध्यक्ष बनाने का सीधा सा अर्थ है कि कांग्रेस में आपस में ही अविश्वास का बोलबाला है।
चुटकी लेते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि चारों कार्यकारी अध्यक्ष अलग-अलग गुटों से हैं। अब यह सभी पांचों अगले महीने अपना पदभार संभालने चंडीगढ़ पहुंचेंगे, अब यह देखने वाली बात होगी कि सभी एक ही गाड़ी में सवार होते हैं या पांच काफिले लेकर पहुंचेगे और कितनी दूर तक इकट्ठे चलेंगे यह आने वाला समय बताएगा। उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का नाम लेते हुए कहा कि यह कांग्रेस को डुबोने के लिए उनकी नई तकनीक है, पहले यह प्रयास यूपी में किए गए व फिर पंजाब में और दोनों प्रदेशों में पार्टी का बंटाधार हुआ। अब यही प्रयास हरियाणा-हिमाचल में हो रहे हैं, यहां भी यूपी-पंजाब जैसा हाल होगा।
आगे कहा कि राहुल गांधी ने एक तरह से कांग्रेस के ताबूत में आखिरी कील ठोकने का काम किया है। दुष्यंत चौटाला ने कुलदीप बिश्नोई पर भी व्यंग्य कसते हुए कहा, जो इंसान फैसला नहीं ले सकता, वो आगे नहीं बढ़ सकता। बता दें कि कुमारी सैलजा के इस्तीफे के बाद तीन दिन पहले होडल-हसनपुर से चार बार के पूर्व विधायक उदयभान का प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर मनोनयन हुआ है और कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला गुट के सुरेश गुप्ता, किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी, विधायक दल के नेता व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के समर्थक जितेंद्र भारद्वाज व कुमारी सैलजा गुट से पूर्व विधायक रामकिशन गुर्जर कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।