कहां जा रहा है आपका कूड़ा, पर्ची देखकर चेक करेगा निगम; वेंडरों को कूड़ा न देने वालों पर जुर्माना लगेगा
फरीदाबाद नगर निगम अब सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा। डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाले वेंडरों को कूड़ा न देने वालों पर जुर्माना लगेगा। निगम आयुक्त ने पर्ची जांचने के आदेश दिए हैं जिसके न होने पर जुर्माना लगाया जाएगा जिसे गृहकर में जोड़ा जा सकता है। यह अभियान शहर को स्वच्छ रखने के लिए चलाया जा रहा है।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। सड़क पर फेंके जा रहे कूड़े को लेकर अब नगर निगम ऐसे लोगों पर सख्ती करने वाला है। जो अपना कूड़ा डोर टू डोर आने वाले वेंडर को नहीं देते हैं। इन लोगों पर जुर्माना लगाया जाएगा। निगम आयुक्त की ओर से अलग-अलग ब्रांच के अधिकारियों को डोर टू डोर जाकर कूड़ा उठान की पर्ची जांचने का आदेश दिया है।
जिन लोगों के पास पर्ची नहीं मिलेगी। उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। जुर्माना जमा नहीं कराने की स्थिति में इसको गृहकर से जोड़कर भेजा जाएगा। पर्ची चेक करने की शुरुआत रेस्टोरेंट और संस्थानों से की जाएगी। इसलिए वह शहरवासी, कारोबारी, दुकानदार अपनी पर्ची संभाल कर रखें।
मुख्यमंत्री के आदेश पर निगम आयुक्त और उपायुक्त की ओर से पूरे शहर में 11 सप्ताह का सफाई अभियान चलाया हुआ है। इस दौरान सभी ब्रांच के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अवैध खत्तों को बंद करके उस पर निगरानी बैठाई जा रही है। इसके बावजूद अलग-अलग जगहों पर कूड़े के ढेर लग रहे हैं।
जबकि सभी वेंडरों को प्रतिदिन डोर टू डोर जाकर कूड़ा उठाने के आदेश दिए गए हैं। ऐसे में निगम का मानना है कि लोग वेंडरों को अपना कूड़ा नहीं दे रहे हैं। वह सड़कों पर अपना कूड़ा फेंक रहे हैं। ऐसे लोगों में किरायेदारों की संख्या अधिक है।
खुले नालों में डाल दिया जाता है कूड़ा
लोगों की ओर से न केवल सड़कों पर बल्कि खुले नालों में भी कूड़ा डाल दिया जाता है। हर साल नालों की सफाई के दौरान सैकड़ो टन कूड़ा निकलता है। इस कूड़े की वजह से ड्रेन भी जाम हो जाती है। शहर में चलने वाले सफाई अभियान की रिपोर्ट प्रतिदिन शहरी स्थानीय निकाय और सीएम आफिस में भेजी जा रही है। ऐसे में सभी जोन के संयुक्त आयुक्त प्रतिदिन अपने जोन का निरीक्षण करने के लिए कहां गया है।
कूड़ा सड़क पर डालने वालों के साथ किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। निगम कर्मचारी डोर टू डोर जाकर पर्ची चेक करेंगे। जिनके पास पर्ची नहीं होगी। उनसे जुर्माना वसूला जाएगा। - धीरेंद्र खड़गटा, आयुक्त नगर निगम
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।