फरीदाबाद मे बदलेगा मौसम का मिजाज, कपास किसानों की बढ़ी परेशानी
बल्लबगढ़ में आने वाले दिनों में मौसम बदलने की आशंका है जिससे धान किसानों को फायदा और कपास किसानों को नुकसान हो सकता है। कृषि विभाग किसानों को मौसम की जानकारी दे रहा है जिसके अनुसार 17 से 19 सितंबर तक बारिश की संभावना है। कपास उत्पादक किसान चिंतित हैं क्योंकि पहले ही बारिश से उनकी फसल बर्बाद हो चुकी है और अब फिर नुकसान का डर है।

जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़। जिले में अगले तीन दिनों में एक बार फिर मौसम में बदलाव की संभावना है। बारिश से धान उत्पादक किसानों को फायदा होगा, लेकिन जिन किसानों के पास कपास बची है, उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है।
कपास में फूल आने का यह अंतिम चरण है। अगर अगले 15 दिनों में बूंदाबांदी नहीं हुई, तो किसान कपास की बिजाई की लागत निकाल सकते हैं, लेकिन अगर बारिश हुई तो फसल को नुकसान भी हो सकता है।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने किसानों के मोबाइल नंबर सीधे चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के मौसम विभाग को दे दिए हैं। विभाग समय-समय पर किसानों को मौसम की जानकारी देता रहता है।
इस जानकारी के अनुसार ही किसान अपनी फसलों की बिजाई, कटाई और सिंचाई करते हैं। अब पिछले 10 दिनों से बारिश नहीं हो रही है। मंगलवार को विश्वविद्यालय ने किसानों को उनके मोबाइल पर मौसम की जानकारी दी है कि 17 से 19 सितंबर तक जिले में गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद मौसम शुष्क रहेगा। इससे एक बार फिर कपास उत्पादक किसानों की चिंता बढ़ गई है।
इस बार बारिश ने कपास को पहले ही बर्बाद कर दिया है। पिछले 10 दिनों से मौसम साफ़ है। ऐसे में थोड़ी-बहुत कपास की पैदावार हो सकती थी, लेकिन अब फिर से मौसम खराब होने की संभावना है। जो कपास उग रहा है, वह फिर से बर्बाद हो जाएगा। हम तो बस भगवान से यही प्रार्थना करेंगे कि और बारिश न हो।
-खेमचंद
मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार, जिन किसानों के कपास में फूल आ रहे हैं, वे उसे तोड़ लें। ताकि बारिश से कपास ज़मीन पर गिरकर नष्ट न हो जाए। अब बारिश का आखिरी दौर चल रहा है। इसके बाद मौसम ज़्यादातर साफ़ रहेगा।
-डॉ. आनंद कुमार, क्षेत्रीय कृषि एवं विकास अधिकारी, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, फरीदाबाद
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।