गुरुग्राम में सड़कों पर उतरे कांग्रेसी, खूब लगे 'वोट चोर गद्दी छोड़' के नारे; हरियाणा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
गुरुग्राम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर हरियाणा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने 'वोट चोर गद्दी छोड़' के नारे लगाए और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। इस विरोध प्रदर्शन में कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिससे शहर का राजनीतिक माहौल गरमा गया।

जिला कांग्रेस कमेटी ने निकाला कैंडल मार्च। जागरण
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी द्वारा तथ्यों के आधार पर उजागर की गई वोट चोरी की सच्चाई के समर्थन में गुरुग्राम जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से भी बुधवार शाम शहर में कैंडल मार्च निकाला गया। शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर और ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी अग्रवाल धर्मशाला चौक के पास जमा हुए।
यहां से कैंडल मार्च निकालते हुए सभी लोग सिद्धेश्वर चौक तक गए। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे के साथ सड़क गूंज उठी। इस दौरान अग्रवाल धर्मशाला से लेकर सिद्धेश्वर चौक तक वाहन का जाम भी लग गया। जाम खुलवाने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मशक्कत करते दिखाई पड़े।
वोट चेरी कर हरियाणा में सरकार बनाने का आरोप
इस मौके पर शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर और बादशाहपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके वर्धन यादव ने राहुल गांधी द्वारा किए गए वोट चोरी के पर्दाफाश का पुरजोर समर्थन किया और कहा कि भाजपा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में षडय़ंत्र के तहत वोट चोरी कर सरकार बनाई है। संविधान को तार-तार करने का काम किया है। बादशाहपुर विधानसभा की जनता के साथ भाजपा ने 74 हजार 62 वोटों की चोरी कर बड़ा विश्वासघात किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा पांच प्रकार से वोट चोरी को अंजाम दिया गया। कहा कि उन्होंने निरंतर आठ महीने की मेहनत से एक-एक बूथ को खंगाला। जिसके परिणामस्वरूप उन्हें बादशाहपुर विधानसभा में 74,062 फर्ज़ी वोट मिले, जिसकी जानकारी उन्होंने राहुल गांधी को दी। उसके बाद राहुल गांधी की टीम ने धरातल पर सर्वेक्षण किया तो सभी सबूत सही पाए गए फिर राहुल गांधी ने हरियाणा में वोट चोरी को लेकर प्रेस कान्फ्रेंस का फैसला लिया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।