गुरुग्राम बस स्टैंड की बदहाली पर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, हस्ताक्षर अभियान चलाकर BJP पर साधा निशाना
गुरुग्राम में यूथ कांग्रेस ने बस स्टैंड की खस्ता हालत के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने हस्ताक्षर अभियान चलाकर बीजेपी सरकार की आलोचना की। यूथ कांग्रेस ने यात्रियों को हो रही परेशानियों और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर सरकार पर निशाना साधा और विकास के झूठे वादे करने का आरोप लगाया।

बस स्टैंड की बदहाली पर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन। जागरण
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम यूथ कांग्रेस की ओर से बुधवार सुबह गुरुग्राम बस स्टैंड पर एक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इसमें क्षेत्र की जनता ने बस स्टैंड की दुर्दशा और सरकार की उदासीनता के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। इस दौरान बस स्टैंड के आसपास सरकार की नाकामी को उजागर करते हुए जागरूकता होर्डिंग्स भी लगाए गए।
प्रदेश यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि भाजपा जनता के लिए बस स्टैंड बनाना भूल गई। पिछले 11 सालों में भाजपा सरकार ने अपने दफ्तर तो हाई-फाई बना लिए पर बस स्टैंड आज भी उसी हालत में है। टूटी सड़कें, गंदगी और अव्यवस्था यहां चारों ओर फैली हुई है।
उन्होंने कहा कि बस स्टैंड पर हजारों यात्री प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी सफर करते हैं और प्रदेश के अन्य जिलों से लोग यहां आते हैं लेकिन जब वह गुरुग्राम का बस स्टैंड देखते हैं तो उन्हें भाजपा सरकार की नाकामी याद आती है।
मौके पर पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अभिषेक यादव, प्रदेश सह प्रभारी प्रियंका चंदेलिया, नीरज यादव मानेसर, मोहित तंवर, शिव प्रताप, मोहित यादव, सुनील कटारिया सहित कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।