गुरुग्राम में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कमरे में लटका मिला शव; हत्या का आरोप
गुरुग्राम के पालम विहार में एक युवक का शव कमरे में लटका मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, उनका कहना है कि 5 दिसंबर को राजकुमार का साथियों से झग ...और पढ़ें
-1765192231874.webp)
किराये से रहने वाले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। पालम विहार थाना क्षेत्र के सेक्टर 22 में साथी कर्मचारियों के साथ किराये से रहने वाले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। वहीं परिवार के लोगों ने साथी कर्मचारियों पर हत्या का आरोप लगाया है। कहा कि युवक का पांच दिसंबर को साथियों से झगड़ा हुआ था। रात में उसकी मौत हो गई। इससे साजिश की आशंका है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृत युवक की पहचान मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर के रामपुर मैनार गांव के रहने वाले 21 वर्षीय राजकुमार के रूप में की गई। परिवार ने पालम विहार थाने में दी शिकायत में कहा कि राजकुमार गुरुग्राम के सेक्टर 22 में रहते थे और सोसायटियों में कबूतर जाली लगाने का काम करते थे। इनके साथ एक अन्य कर्मचारी और मालिक भी रहता था। पिता व भाई ने बताया कि पांच दिसंबर की रात एक बजे उनकी राजकुमार से बातचीत हुई थी।
उस दौरान उन्होंने झगड़े की जानकारी दी थी। इसके बाद छह दिसंबर की सुबह सात बजे उनके ही गांव के रहने वाले सोनू नाम के युवक से राजकुमार की मौत होने की जानकारी मिली। जब परिवार के लोग सोमवार को गुरुग्राम पहुंचे और मामले की जानकारी की तो पता चला कि जिस कमरे में राजकुमार रहते थे, वहां सीसीटीवी लगा हुआ था। रात एक बजे से लेकर सुबह साढ़े छह बजे तक सीसीटीवी बंद थे।
वहीं घटना के बारे में उसके साथ रहने वाले लोगों ने बताया कि रात में राजकुमार कमरे में अकेले थे। जब सुबह अन्य लोग पहुंचे तो वह फंदे से लटका मिले। साथी कर्मचारी ही फंदा काटकर उन्हें अस्पताल ले गए। अस्पताल से पुलिस को सूचना दी गई। परिवार ने साथी कर्मचारियों पर साजिश के साथ हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस ने सही तरीके से जांच करने और कार्रवाई की मांग की है। वहीं पालम विहार पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया गया है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। लिखित शिकायत मिली है, इसके आधार पर जांच की जा रही है। साथी कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।