गुरुग्राम में 31वीं खाटू श्याम पैदल महायात्रा का भव्य शुभारंभ, श्याममय हुआ शहर
गुरुग्राम में विधायक मुकेश शर्मा द्वारा आयोजित 31वीं भव्य पैदल महायात्रा में हजारों श्याम भक्त शामिल हुए। यह यात्रा सेक्टर-21 से राजस्थान के खाटू धाम ...और पढ़ें

भक्त बाबा खाटू श्याम जी की भक्ति में डूबे नजर आए।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। साइबर सिटी में रविवार को श्याम नाम की गूंज के बीच भक्त बाबा खाटू श्याम जी की भक्ति में डूबे नजर आए। हारे के सहारे बाबा श्याम हमारे के जयघोष के बीच श्रद्धा भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। अवसर था विधायक मुकेश शर्मा की ओर से आयोजित 31वीं भव्य पैदल महायात्रा का।इसमें हजारों की संख्या में श्याम भक्तों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया।
यह महायात्रा की शुरुआत सेक्टर-21 स्थित विधायक मुकेश शर्मा के आवास से हुई, जो राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू धाम की ओर प्रस्थान कर गई। यह यात्रा आगामी 13 फरवरी को बाबा श्याम के दरबार में पहुंचेगी। हाथों में बाबा श्याम का निशान लिए श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों, भजनों और जयकारों के साथ नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे।
महायात्रा जैसे ही सदर बाजार पहुंची, पूरा क्षेत्र श्याम भक्ति के रंग में रंग गया। हेलीकाप्टर के साथ जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भक्तों का स्वागत किया गया। यात्रा में बाबा खाटू श्याम, माता शीतला सहित अन्य देवी-देवताओं के सुसज्जित रथ आकर्षण का केंद्र रहे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर जलपान और चिकित्सा व्यवस्था भी की गई थी।
विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि यह पदयात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, सेवा और सामाजिक एकता का महापर्व है। उन्होंने बताया कि फाल्गुन मेले के दौरान खाटू धाम में 14 से 28 फरवरी तक 24 घंटे का सेवा शिविर लगाया जाएगा, जहां भंडारा, विश्राम, चिकित्सा व अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इस आयोजन में शहरवासियों और श्याम प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।