Bulldozer Action: गुरुग्राम में अवैध इमारतों पर चलेगा बुलडोजर, नगर निगम ने की 500 बिल्डिंग को तोड़ने की तैयारी
गुरुग्राम नगर निगम शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने जा रहा है। निगम ने 500 अवैध इमारतों की सूची तैयार की है जिनमें से पहले चरण में 20 को ध्वस्त किया जाएगा। निगम का कहना है कि किराये और मुनाफे के लालच में नियमों का उल्लंघन हो रहा है जिससे शहर की मूलभूत सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं।

संवाद सहयोगी, नया गुरुग्राम। शहर में नियमों को ताक पर रखकर बनाए जा रहे अवैध बहुमंजिला भवनों के विरुद्ध अब नगर निगम गुरुग्राम सख्त रुख अपनाने जा रहा है। निगम ने साफ कर दिया है कि सिर्फ सील करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि सीधे अवैध निर्माण ढहाए जाएंगे। तीन साल बाद पहली बार निगम इतने बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू कर रहा है।
पहले चरण में 20 इमारतें होंगी ध्वस्त
नगर निगम गुरुगाम ने फिलहाल 500 इमारतों की सूची तैयार की है। इनमें से पहले चरण में 20 इमारतों को अगले हफ्ते ध्वस्त किया जाएगा। चारों जोनों से पांच-पांच इमारतें चुनी गई हैं ताकि कार्रवाई हर इलाके में समान रूप से हो। निगम की तैयारी भी इस बार पूरी है।
भारी मशीनरी, मजदूर और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहेंगे ताकि विरोध या किसी अप्रिय घटना की संभावना न रहे। निगम का मानना है कि किराये और मुनाफे के लालच में लोग नियमों को अनदेखा कर रहे हैं, जिससे शहर की मूलभूत सुविधाएं जैसे सीवर और पानी की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है।
दिलचस्प बात यह है कि जहां अवैध इमारतों पर निगम कड़ा रुख दिखा रहा है, वहीं वैध निर्माण की प्रक्रिया फिलहाल अटकी हुई है। पिछले दो महीनों से भवन नक्शा पास करने वाला होब-पास सिस्टम बंद पड़ा है जिससे कानूनी तौर पर निर्माण करवाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
लोगों का कहना है कि प्रशासन को दो मोर्चों पर काम करना होगा, अवैध निर्माण रोकना और साथ ही वैध अनुमति की प्रक्रिया को आसान व पारदर्शी बनाना।
शहर में अवैध निर्माण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। अभियान चरणबद्ध तरीके से जारी रहेंगे।
- प्रदीप दहिया, आयुक्त, नगर निगम गुरुग्राम
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।