दिल्ली में पाबंदी लगी तो बहादुरगढ़ की हवा में जहर घोल रहीं अवैध फैक्ट्रियां, हुई बड़ी कार्रवाई
बहादुरगढ़ में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की एक टीम ने सात फैक्ट्रियों पर छापे मारे। इनमें लोहा पिघलाकर ढलाई कती जा रही थी। बड़े पैमाने पर प्रदूषण भी फैलाया जा रहा था। सातों फैक्ट्रियों को सील करने का नोटिस दिया गया है। 15 दिन में जवाब मांगा गया है।

बहादुरगढ़, जेएनएन। शहर के सूर्या नगर अवैध औद्योगिक क्षेत्र में बड़े पैमाने पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनुमति लिए बिना फैक्ट्रियां चल रही हैं। नियमों को दरकिनार कर चल रही ये फैक्ट्रियां बड़े पैमाने पर प्रदूषण भी फैला रही हैं। सूर्या नगर में अमूमन वे फैक्ट्रियां हैं जो प्रदूषण की वजह से दिल्ली से निकाली गई हैं और बिना सीएलयू, बिना नक्शा पास कराए और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनुमति के बिना ही चल रही हैं।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की एक टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए एक साथ इस तरह की सात फैक्ट्रियां पकड़ी हैं। इन फैक्ट्रियों में लोहे को पिघलाकर ढलाई का काम हो रहा था। लोहे को पिघलाने के कारण बड़े पैमाने पर सातों फैक्ट्रियों द्वारा प्रदूषण भी फैलाया जा रहा था। न ही इन फैक्ट्रियों ने प्रदूषण बोर्ड से अनुमति ले रखी थी। फैक्ट्रियों में भट्ठी लगाई गई थी लेकिन कोई चिमनी का भी प्रयोग नहीं था, ताकि धुआं हवा में ऊंचाई में उड़ सके। बोर्ड की टीम ने सातों फैक्ट्रियों को सील करने का नोटिस दे दिया है। अगर 15 दिन में नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो इन फैक्ट्रियों को सील कर दिया जाएगा।
दिल्ली से निकलकर बहादुरगढ़ में अवैध रूप से चल रहीं भारी संख्या में फैक्ट्रियां
दिल्ली में प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों को बंद किया जा रहा है। यहां के उद्यमियों ने बहादुरगढ़ की ओर रुख कर रखा है। वैध औद्योगिक क्षेत्रों में जमीन कम होने और काफी महंगी होने की वजह से इन उद्यमियों का रुख अवैध रूप से पनप रहे औद्योगिक क्षेत्रों की तरफ ज्यादा है। यहां पर जमीन सस्ती होने और किराया भी काफी कम होने की वजह से ये उद्यमी यहां पर अपना कारोबार चला रहे हैं। सरकारी विभागों की अनदेखी के कारण यहां पर यह धंधा काफी फल-फूल रहा है। मगर अब इन अवैध औद्याेगिक क्षेत्रों में बिना अनुमति चल रही प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियां प्रदूषण बोर्ड के निशाने पर आ गई हैं। बोर्ड के अधिकारियों की मानें तो अवैध रूप से चल रहीं इस तरह की फैक्ट्रियों को अब किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा। उन पर कार्रवाई की जाएगी।
सीएम विंडो पर मिली थी शिकायत
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड बहादुरगढ़ के एसडीओ रविंद्र यादव ने बताया कि सीएम विंडो पर शिकायत मिली थी कि सूर्या नगर में काफी संख्या में फैक्ट्रियां अवैध रूप से चल रही हैं। इसको लेकर सूर्या नगर में छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान सात फैक्ट्रियों की जांच की गई, जो अवैध रूप से चल रही थीं। सातों फैक्ट्रियों में लाेहे को पिंघलाने का काम किया जा रहा था। इससे बड़े पैमाने पर प्रदूषण फैलता है। बोर्ड से भी इन फैक्ट्रियों ने कोई अनुमति नहीं ले रखी थी। सातों फैक्ट्रियों को सील करने का नोटिस दे दिया है। आगामी कार्रवाई की जा रही है।
हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।