हरियाणा: भाजपा नेता के बेटे की चाकुओं से गोदकर हत्या, डेढ़ साल पहले हुई थी शादी; 5 महीने की है बेटी
जींद के सफीदों में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष के बेटे विकास शर्मा की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आठ लोगों पर केस दर्ज किया है। विकास शर्मा सफीदों के ही एक अन्य अस्पताल संचालक के साथ असंध गया था जहां रामपुरा रोड पर हमलावरों ने उसे घेर लिया। हमले में विकास की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए।

जागरण संवाददाता, जींद। सफीदों में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष के बेटे विकास शर्मा की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। विकास के पिता शिव कुमार शर्मा पिछले कार्यकाल में भाजपा के मंडल अध्यक्ष थे।
मामले में पुलिस ने आठ लोगों पर केस दर्ज किया है। घटना के बाद भाजपा विधायक रामकुमार गौतम भी सफीदों पहुंचे। अस्पताल संचालक विकास शर्मा सफीदों के ही दूसरे अस्पताल संचालक के साथ शुक्रवार को गाड़ी से असंध गया था। वापस लौटते हुए सफीदों में रामपुरा रोड पर दो गाड़ियों में हमलावर आए।
एक गाड़ी आगे और दूसरी पीछे लगाकर विकास की कार रोक ली। उतरते ही आरोपितों ने हमला कर दिया। इसमें विकास शर्मा की मौत हो गई और उसके साथ दो अन्य लोग भी घायल हो गए। घायलों में भी एक अनिल सफीदों में ही निजी अस्पताल चलाता है, जबकि दूसरा अनिल का साढ़ू है।
पुलिस ने विकास शर्मा के पिता शिव कुमार शर्मा के बयान पर दूसरे अस्पताल संचालक समेत आठ लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि अनिल ने मरीजों से झगड़ा किया। उसके बाद बेटे को बहाना बनाकर बुलाया और हत्या कर दी गई। विकास शर्मा की डेढ़ साल पहले शादी हुई थी और उसकी पांच महीने की बेटी है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।