'भाजपा से गठबंधन था मजबूरी, नहीं तो JJP मिट जाती', जींद रैली में बोले दुष्यंत चौटाला
जननायक जनता पार्टी (जजपा) के स्थापना दिवस पर दुष्यंत चौटाला ने भाजपा से गठबंधन को मजबूरी बताया। उन्होंने कहा कि गठबंधन न करने पर पार्टी का अस्तित्व खत ...और पढ़ें

जुलाना में पार्टी के आठवें स्थापना दिवस पर प्रदेशस्तरीय रैली हुई (फोटो: जागरण)
जागरण संवाददाता, जींद/ जुलाना। जननायक जनता पार्टी (जजपा) के आठवें स्थापना दिवस पर रविवार को जुलाना में प्रदेश स्तरीय रैली की गई।
इसमें पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने वर्ष 2019 में भाजपा के साथ गठबंधन करने को मजबूरी बताया। कहा कि अगर गठबंधन नहीं करते तो विधायक भाग जाते, पार्टी व चुनाव चिह्न भी नहीं बचते।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे भाषण देने से ज्यादा आज दिल की बात करेंगे। उन्हें राजनीतिक रूप से कमजोर करने के लिए एजेंडा चलाया गया। किसान आंदोलन के दौरान मेरे इस्तीफा देने से प्रदेश में भाजपा की सरकार नहीं गिरती, केंद्र सरकार के गिरने की तो दूर की बात है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का बगैर नाम लिए कहा कि जिन्होंने सेटिंग करके भाजपा का साथ दिया और मिलकर चुनाव लड़ा वो भी हमारे पीछे लगे रहे। ड्राइंग रूम की राजनीति करने वाले कामयाब हैं।
ग्राउंड की राजनीति करने वालों को पस्त करना आसान है। इस बार विधानसभा चुनाव में निर्दलीय खड़े नहीं करते और फिक्सिंग न करते तो कांग्रेस की सरकार आती। ये ड्राइंग रूम की राजनीति करते रहे और हम ग्राउंड में मेहनत करते रहे। चौधरी देवीलाल ने भी कभी ड्राइंग रूम की राजनीति नहीं की।
दुष्यंत ने कहा कि जब जजपा सत्ता में थी, तो चंडीगढ़ में आम आदमी की सुनवाई के लिए 24 घंटे दरवाजे खुले रहते थे, अब सुनवाई की जगह चंडीगढ़ जाने वालों को धक्के मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह पर कहा कि मुख्यमंत्री तो हरियाणा का है, लेकिन उसको नकेल गुजरात से ही डाल रखी है। कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 40 प्रतिशत पदक तो हरियाणा के खिलाड़ी लाते हैं और कामनवेल्थ जैसे खेलों का आयोजन गुजरात में क्यों? औद्योगीकरण में हरियाणा आगे, लेकिन उद्योगों को सबसे ज्यादा सब्सिडी गुजरात को दी।
जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि कांग्रेस की वजह से ही भाजपा की सरकार बनी है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने भाजपा की बी टीम बनकर कांग्रेस की लुटिया डुबोई और अब भाजपा प्रदेश को लूटने में लगी है। प्रदेश में हर रोज चोरी, डकैती, लूटपाट और हत्याएं आम बात हो गई हैं। अब तो प्रदेश के शिक्षण संस्थानों में भी बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं।
मुख्यमंत्री के सुरक्षा के दावों पर कहा कि प्रदेश की इस जनता की सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा। अजय चौटाला बोले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हरियाणा में आए थे। पांच पैसा भी प्रदेश की तरक्की के लिए नहीं देकर गए।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।