Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कैथल में हथियारों के बल पर घर में कब्जा करने की कोशिश, CCTV में वारदात कैद; पार्षद सहित 12 लोगों पर केस

    Updated: Mon, 15 Sep 2025 12:53 PM (IST)

    कैथल में सुनील कुमार नामक एक व्यक्ति ने पार्षद काका सचदेवा और अन्य 11 लोगों पर उसके पुश्तैनी घर पर जबरन कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार आरोपी डंडे और गंडासी लेकर दीवार कूदकर घर में घुसे और तोड़फोड़ की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पार्षद सचदेवा ने आरोपों से इनकार किया है।

    Hero Image
    हथियारों के बल पर घर में कब्जा करने के आरोप में पार्षद और पूर्व पार्षद सहित 12 लोगों पर केस।

    जागरण संवाददाता, कैथल। डंडे और गंडासी लेकर दीवारों से कूदकर एक घर में कब्जा करने का मामला सामने आया है। प्रताप गेट निवासी सुनील कुमार की शिकायत पर वार्ड 27 से पार्षद काका सचदेवा, पूर्व पार्षद तृप्ता सचदेवा, हरीश सचदेवा, दीपक सचदेवा, सुरभि सचदेवा सहित 12 लोगों के विरुद्ध सिटी थाना में केस दर्ज किया गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मामला घर को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ा हुआ है। सुनील कुमार ने बताया कि उसके घर को लेकर अदालत में केस चला हुआ है। यह उनका पुश्तैनी घर है और वह करीब 40 सालों से इस घर में रह रहा है। आरोप है कि 13 सितंबर को शाम करीब साढ़े छह बजे सभी आरोपित गंडासी और डंडे लेकर उसके घर की दीवार कूद कर अंदर घुस आए थे।

    यह घटना उसके घर और पड़ोस में लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गई है। उसने उसी समय डायल 112 को फोन कर दिया था। पुलिस के आने से पहले ही सभी आरोपित वहां से फरार हो गए थे। घर पर कब्जा लेने आए बदमाशों ने मुंह ढके हुए थे। उन्होंने गली में लगे और घर में लगे सीसीटीवी को भी तोड़ दिया था। आरोप है कि उसे और उसके परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी दी हुई है।

    आरोपित पहले भी उसके घर पर कब्जा करने का प्रयास कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि इस मामले में अभी तक किसी आरोपित को पकड़ा नहीं गया है। एक आरोपित को हिरासत में लिया गया था, जिसे पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच एसआई राजकुमार को सौंप दी है।

    वहीं, वार्ड 27 के पार्षद काका सचदेवा ने बताया कि उन्हें केस दर्ज होने के बारे में कोई जानकारी नहीं है। वे घटना के समय मौके पर भी नहीं थे। उनकी जानकारी के अनुसार दूसरे पक्ष ने हरीश की जमीन पर कब्जा किया हुआ है। यह मामला जमीन से जुड़ा हुआ है।