Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कैथल में नागरिक अस्पताल के पास फटी इंद्रप्रस्थ गैस एजेंसी की पाइप, मची अफरा-तफरी; बड़ा हादसा टला

    By Jagran NewsEdited By: Rajat Mourya
    Updated: Sun, 23 Jul 2023 06:24 PM (IST)

    कैथल के नागरिक अस्पताल के पास इंद्रप्रस्थ गैस एजेंसी की पाइपलाइन फट गई। पाइपालाइन के फटने से गैस तेजी से लीक होने लगी। पुलिस ने वहां पहुंच कर जींद रोड को कुछ देर के लिए बंद कर दिया था। पहले गैस की सप्लाई पीछे से बंद करवाई गई और उसके बाद रिपेयर का कार्य शुरू किया गया। गैस लीक से स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई थी।

    Hero Image
    कैथल में नागरिक अस्पताल के पास फटी इंद्रप्रस्थ गैस एजेंसी की पाइप, मची अफरा-तफरी

    कैथल, जागरण संवाददाता। रविवार को सुबह के समय एक बड़ा हादसा होने से टल गया। करीब साढ़े आठ बजे नागरिक अस्पताल के पास दबी इंद्रप्रस्थ गैस एजेंसी की पाइपलाइन टूटने से लीक हो गई। पाइप टूटने से तेजी से गैस का रिसाव शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि बिजली निगम ठेकेदार के कर्मचारी वहां पर खंभा लगाने के लिए ट्रैक्टर से गड्ढा खोद रहे थे। उसी से पाइप फट गई थी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गैस निकलते ही वे वहां से भाग खड़े हुए। स्थानीय लोगों ने उसी समय पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद गैस एजेंसी के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने वहां पहुंच कर जींद रोड को कुछ देर के लिए बंद कर दिया था। पहले गैस की सप्लाई पीछे से बंद करवाई गई और उसके बाद रिपेयर का कार्य शुरू किया गया। गैस पाइप एकदम से लीक होने के कारण आस-पास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। गैस हवा में फैलने लगी थी।

    हो सकता था बड़ा हादसा

    गैस लीक होने से कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था। अगर गैस आस-पास से आग पकड़ लेती तो उस पर काबू करना मुश्किल हो जाता। गैस का प्रेशर बहुत ज्यादा होता है। यह चार किलो पर मीटर स्क्वेयर के हिसाब से निकलती है। इसमें आग लगती है तो इसकी लपटें दो मंजिल तक चली जाती हैं।

    जून में हुई थी शुरू

    कैथल में जून में गैस पाइपलाइन की शुरुआत हो गई थी। करीब 350 घरों में गैस की सप्लाई हो रही है। एजेंसी की तरफ से जहां पाइप दबी हुई हैं सभी जगहों पर सांकेतिक चिह्न भी लगाए हुए हैं। एक पेट्रोलिंग टीम होती है जो नियमित रूप से निरीक्षण का कार्य करती है।

    दो से तीन घंटे में ठीक कर दी गई पाइप

    इंद्रप्रस्थ गैस एजेंसी के प्रोजेक्ट एंड मेंटेनेंस इंचार्ज जसविंद्र सिंह ने बताया किया गैस की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। बिजली निगम के ठेकेदार का कर्मचारी ट्रैक्टर से गड्ढा खोद रहा था और उसी से गैस पाइप फट गई। इसके बारे में पुलिस को लिखित शिकायत भी दी जाएगी। गैस की पाइप अपने आप नहीं फट सकती। यह पाइप करीब 50 साल तक ठीक रह सकती है। दो से तीन घंटे में पाइप ठीक कर दी गई थी।