कुरुक्षेत्र में कनाडा भेजने के नाम पर 9.60 लाख की ठगी, दंपती पर केस दर्ज
कुरुक्षेत्र के पिहोवा में एक दंपती ने कनाडा भेजने का झांसा देकर संजीव कुमार से 9.60 लाख रुपये की ठगी की। आरोपितों ने पीड़ित की पत्नी के नाम पर पर्सनल ...और पढ़ें

कनाडा भेजने के नाम पर 9.60 लाख की ठगी।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। पिहोवा क्षेत्र में कनाडा भेजकर सेटल कराने का झांसा देकर करीब 9.60 लाख की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपित दंपती ने विश्वास में लेकर न केवल पैसे हड़पे, बल्कि शिकायतकर्ता के नाम पर पर्सनल लोन भी करवाकर पूरी रकम अपने खातों में डलवा ली। पैसे वापस मांगने पर आरोपितों ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव टिकरी निवासी संजीव कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती-बाड़ी करता है और उसकी पत्नी आयुर्वेदिक डाक्टर है। आरोपित महिला इलाज के लिए उसकी पत्नी के पास आती थी, जिससे दोनों परिवारों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। इसी दौरान आरोपित महिला के पति जसबीर सिंह ने उसकी पत्नी को धर्मबहन बना लिया और भरोसा जीत लिया।
कुछ समय बाद जसबीर सिंह ने परिवार को कनाडा भेजने और वहां सेटल कराने का लालच दिया। उसने कहा कि इसके लिए कुछ रकम देनी होगी, जबकि शेष खर्च पत्नी के नाम पर पर्सनल लोन से पूरा हो जाएगा। उसकी बातों में आकर शिकायतकर्ता ने दो फरवरी 2024 को अपने बैंक खाते से दो लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
साथ ही पासपोर्ट, आधार कार्ड, ब्लैंक चेक और पत्नी की पासबुक भी आरोपितों को सौंप दी। इसके बाद आरोपितों ने महिला के नाम पर पर्सनल लोन करवाया। लोन की राशि खाते में आते ही उसे अलग-अलग तारीखों में अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिया।
तीन अप्रैल को 50 हजार रुपये और पांच अप्रैल को करीब साढे छह लाख रुपये अपने खाते में डलवाए। इस तरह कुल 9.60 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। लंबे समय तक वीजा आने का झांसा दिया गया। जब वीजा नहीं लगा और शिकायतकर्ता ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।