Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अप्रैल में ही 'जून' जैसे हालात, नारनौल हरियाणा में सबसे गर्म; 45 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान 

    Updated: Tue, 21 Apr 2026 12:33 PM (IST)

    महेंद्रगढ़ जिले में गर्मी ने समय से पहले ही अपने प्रचंड तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। नारनौल पूरे हरियाणा में सबसे ज्यादा गर्म रहा। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    बस स्टैंड से बाहर निकलतीं महिलाएं। जागरण

    जागरण संवाददाता, नारनौल। महेंद्रगढ़ जिले में गर्मी ने समय से पहले ही अपने प्रचंड तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार को नारनौल पूरे हरियाणा में सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से काफी अधिक है और साफ संकेत देता है कि इस बार गर्मी जल्द ही विकराल रूप लेने लगी है।

    रातें भी तपने लगीं

    चौंकाने वाली बात यह है कि रात का तापमान भी 25.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 5.8 डिग्री ज्यादा है। यानी अब रातें भी राहत देने के बजाय गर्मी बढ़ाने लगी हैं। जिले के अन्य हिस्सों, खासकर महेंद्रगढ़ क्षेत्र में भी हालात कुछ ऐसे ही रहे।

    Ghaziabad Khabar (6)

    दिन का तापमान 39 डिग्री के आसपास बना रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा और बाजारों में कम भीड़ इस बात का संकेत है कि गर्मी लोगों की दिनचर्या पर असर डालने लगी है।

    हीटवेव की चेतावनी

    मौसम विभाग के अनुसार रविवार को कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाएं चलीं, लेकिन इसका असर ज्यादा देर नहीं रहा। अब मौसम साफ हो चुका है और अगले एक सप्ताह तक कोई बड़ा सिस्टम सक्रिय नहीं होगा। पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान और चढ़ेगा।

    महेंद्रगढ़ जिले में पारा 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके साथ ही लू चलने और उमस भरी गर्मी बढ़ने की पूरी संभावना है, जिससे दिन और रात दोनों समय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ेगी। हालांकि राहत की एक उम्मीद बनी हुई है।

    बढ़ते तापमान पर कब लगेगा ब्रेक?

    मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अप्रैल के अंतिम दिनों और मई के पहले सप्ताह में एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे। इससे आंधी, धूलभरी हवाएं और हल्की वर्षा की गतिविधियां बढ़ेंगी, जो बढ़ते तापमान पर कुछ हद तक ब्रेक लगा सकती हैं।

    फिलहाल स्थिति यह है कि सुबह से ही सूरज के तेवर तीखे हो रहे हैं और दोपहर तक हालात झुलसाने वाले बन जाते हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

    यह भी पढ़ें- भीषण गर्मी झेलने को तैयार हो जाएं दिल्लीवाले, 44°C तक पहुंच सकता है तापमान; IMD ने जारी किया हीटवेव का अलर्ट