पंजाब में बाढ़ को लेकर हरियाणा सरकार ने बढ़ाया मदद का हाथ, नारनौल से भेजी गई राहत सामग्री
पंजाब में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए हरियाणा सरकार ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर महेंद्रगढ़ जिला प्रशासन ने राहत सामग्री भेजी। नारनौल विधायक ओम प्रकाश यादव ने राहत सामग्री से भरे दो ट्रकों को रवाना किया और कहा कि हरियाणा सरकार संकट के समय पड़ोसियों की मदद के लिए हमेशा तैयार है।

जागरण संवाददाता, नारनौल। पंजाब में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए हरियाणा सरकार ने पड़ोसी राज्य की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर महेंद्रगढ़ जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री से भरे दो ट्रकों को नारनौल विधायक एवं पूर्व मंत्री ओम प्रकाश यादव ने शनिवार को लघु सचिवालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर विधायक ओम प्रकाश यादव ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में पंजाब के साथ खड़े होने का मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का निर्णय सराहनीय है।
यादव ने कहा कि यह कदम दर्शाता है कि हरियाणा सरकार केवल अपने राज्य तक ही सीमित नहीं है, बल्कि संकट के समय अपने पड़ोसियों की मदद के लिए हमेशा तैयार है। संकट के समय पड़ोसी के साथ खड़ा होना हमारा कर्तव्य है।
जिला प्रशासन महेंद्रगढ़ द्वारा भेजी जा रही खाद्य सामग्री के अलावा इसमें मच्छरदानी और फॉगिंग मशीन आदि आवश्यक वस्तुएं भी शामिल हैं। विधायक यादव ने कहा कि ऐसे संकट में सबसे महत्वपूर्ण चीज बेहतर प्रबंधन और त्वरित प्रतिक्रिया है।
हरियाणा सरकार ने बेहतरीन प्रबंधन के साथ विभिन्न जिलों से यह सामग्री भेजकर एक बेहतरीन उदाहरण पेश किया है। मुख्यमंत्री के इस निर्णय से यह सिद्ध होता है कि हरियाणा एक जिम्मेदार एवं संवेदनशील राज्य होने के नाते सदैव मानवता एवं सहयोग के मूल्यों को प्राथमिकता देता है।
इस अवसर पर नगराधीश डॉ. मंगलसेन, नायब तहसीलदार कर्ण सिंह, बीडीपीओ सिहमा सचिन, रेडक्रॉस समिति से डॉ. एसपी सिंह के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।