नारनौल के सिविल अस्पताल में अब दो शिफ्टों में होगा अल्ट्रासाउंड, लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
नारनौल के नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के निर्देशानुसार अब अल्ट्रासाउंड सेवा दो शिफ्टों में उपलब्ध होगी। पहले यह सेवा केवल एक शिफ्ट में थी जिससे मरीजों को इंतजार करना पड़ता था। अब सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक दो शिफ्टों में अल्ट्रासाउंड (नारनौल नागरिक अस्पताल में अब अल्ट्रासाउंड) उपलब्ध होने से मरीजों को सुविधा होगी और अस्पताल में भीड़ कम होगी।

जागरण संवाददाता, नारनौल। नागरिक अस्पताल नारनौल में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के निर्देश पर अब अल्ट्रासाउंड सेवा को दो शिफ्टों में संचालित किया जाएगा।
पहले यह सेवा केवल एक ही शिफ्ट में उपलब्ध थी, जिससे मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ता था और अनेक बार उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता था। अब इस सेवा का समय प्रात: आठ बजे से दोपहर दो बजे तक तथा दूसरी शिफ्ट में दोपहर दो बजे से शाम आठ बजे तक निर्धारित किया गया है।
लोगों को मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं
यह निर्णय मरीजों की संख्या में निरंतर वृद्धि और सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए लिया गया है। इससे अब कामकाजी वर्ग, वृद्धजन तथा दूर-दराज से आने वाले मरीजों को समयानुसार सेवा मिल सकेगी। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि सरकार नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिलें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। अस्पताल प्रशासन को पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था करने और दोनों शिफ्टों में सेवा की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
इस बदलाव से मरीजों की सुविधा के साथ-साथ अस्पताल में भीड़-भाड़ में भी कमी आएगी और अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट की प्रतीक्षा अवधि भी घटेगी। अस्पताल प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी मरीज अपनी निर्धारित समयसारिणी के अनुसार पहुंचें और सेवा का लाभ लें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।