Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'जहां कांग्रेस जीती वहां भी डुप्लीकेट वोट', हरियाणा चुनाव में राहुल गांधी के आरोपों पर BJP ने दिया जवाब

    Updated: Fri, 07 Nov 2025 10:58 AM (IST)

    भाजपा ने राहुल गांधी के हरियाणा चुनाव में वोट चोरी के आरोपों का जवाब दिया है। भाजपा ने उन सीटों का ब्योरा दिया जहां कांग्रेस जीती और बोगस वोटों का दावा किया। पार्टी ने कहा कि राहुल गांधी अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए आरोप लगा रहे हैं। भाजपा ने डुप्लीकेट वोटों के मुद्दे को भी उठाया और कांग्रेस के पारंपरिक मॉडल पर कटाक्ष किया।

    Hero Image

    हरियाणा सीएम नायब सैनी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो)

     

    अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा हरियाणा विधानसभा चुनाव पर जारी एच फाइल्स (हाइड्रोजन बम) का भाजपा ने एच फाइल्स–हिपोक्रेसी (पाखंड) के रूप में तथ्यों के साथ जवाब दिया है। भाजपा ने उन सीटों का ब्योरा जारी किया, जहां कांग्रेस जीती और बोगस वोटों का दावा किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राहुल गांधी ने मंगलवार को 25 लाख वोट चोरी के आरोप लगाए थे। बुधवार को भाजपा ने 24 पेज का जवाब देते हुए कहा कि राहुल गांधी अपनी नाकामियों को छिपाने और देश में अराजकता फैलाने के लिए दोगले दावे करते हैं। पार्टी ने कहा कि हार के बहाने बनाना, लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाना और युवाओं में अविश्वास फैलाना राहुल गांधी की आदत है।

    '22 हजार मतों से आठ सीटें हारी कांग्रेस'

    राहुल गांधी ने कहा था कि कांग्रेस 22 हजार मतों से आठ सीटें हारी। भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा वह लोहारू, आदमपुर, रोहतक, सढ़ोरा, पंचकूला, फतेहाबाद और थानेसर जैसी सात सीटें मात्र 12,592 वोटों से हारी थी।

    इसे नजरअंदाज करना उनके दोगलेपन का उदाहरण है। भाजपा ने कहा 2024 लोकसभा चुनाव में उसे पूर्ण बहुमत के लिए 32 सीटों की जरूरत थी, जो केवल 33 हजार मतों से नहीं मिल सकीं।

    हिमाचल में भी वह 10 सीटें 12,036 मतों से हारी, लेकिन कभी बहाने नहीं बनाए। वोट चोरी के आरोप पर भाजपा ने कहा कि चुनाव आयोग ने 2 अगस्त को सभी दलों को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट दी थी। 16 सितंबर को संशोधित सूची दोबारा साझा की?

    बीजेपी ने दिया राहुल के आरोपों का जवाब

    भाजपा की ओर से राहुल गांधी के उस आरोप का जवाब भी दिया गया, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि एग्जिट पोल के नतीजों में कांग्रेस चुनाव जीत रही थी, मगर फिर भी भाजपा ने सरकार बना ली।

    पार्टी की ओर से कहा गया कि साल 2024 में झारखंड और साल 2022 में हिमाचल प्रदेश में भाजपा के पक्ष में एग्जिट पोल आए थे, लेकिन वहां कांग्रेस की सरकारें बनीं, मगर तब न तो चुनाव आयोग से कोई शिकायत की गई और न ही भाजपा ने इस पर कोई सवाल उठाये।

    'बैलेट पेपर मतों में आगे रहना चुनाव में जीत का आधार नहीं'

    भाजपा ने कहा कि हरियाणा में पोस्टल बैलेट मत कुल जनसंख्या का मात्र 0.57 प्रतिशत थे। इसके बावजूद राहुल गांधी कह रहे हैं कि इन मतों में कांग्रेस आगे थी। ऐसे में राहुल गांधी किस आधार पर दावा कर रहे हैं कि 0.57 प्रतिशत वोट 99.43 प्रतिशत पर भारी हो सकते हैं। साल 2015 के बिहार चुनाव में पोस्टल बैलेट की गिनती के समय भाजपा और एनडीए आगे चल रहे थे, लेकिन महागठबंधन ने बड़े अंतर से चुनाव जीता।

    'जो तीन सीट भाजपा हारी, वहां भी डुप्लीकेट वोट पड़े'

    भाजपा ने विधानसभावार ऐसे डुप्लीकेट मतों के बारे में जानकारी दी, जिनकी वजह से कांग्रेस चुनाव जीती है। मुलाना विधानसभा में मुलाना व ढकोला बूथों पर 223 वोट एक ही फोटो से बने हैं, जोकि पोल हुए।

    यहां कांग्रेस की जीत हुई है। थानेसर के बूथ संख्या 81 व बूथ नंबर सात, लोहारू में बूथ संख्या 166 व 161 और पंचकूला में बूथ संख्या 136 व 40 पर एक-एक नाम के कई वोट बने हुए हैं, जहां भाजपा चुनाव हारी है।

    नूंह जिले की तीन सीटों पर कांग्रेस जीती, जहां डुप्लीकेट वोट थे

    हरियाणा भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की विधानसभा सीट गढ़ी-सांपला-किलोई के बूथ संख्या 48, 6 व 164 का जिक्र करते हुए बताया गया कि यहां एक ही वोट तीन नामों से बनी है।

    नूंह में बूथ संख्या 117 और 118 पर एक ही नाम के दो वोट हैं। यहां कांग्रेस की जीत हुई और भाजपा हारी। नूंह में मकान नंबर 20 में 30 से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं, जिसका पूरा ब्योरा भाजपा ने दिया है। पुन्हाना में बूथ संख्या 143 व 166 पर एक ही नाम के वोट हैं, जहां कांग्रेस जीती। पुन्हाना के मकान नंबर 30 में 30 से अधिक मतदाता दर्ज हैं। फिरोजपुर झिरका में बूथ संख्या 31, 211, मकान नंबर 3 में 30 वोट दर्ज हैं, जहां कांग्रेस की जीत हुई।

    कांग्रेस अपने पारंपरिक मॉडल पर चल रही है: नायब सैनी

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली का कहना है कि कांग्रेस अपने पारंपरिक माडल पर चल रही है। उसका माडल है, प्रदेशों में चुनाव हारना, चुनाव आयोग पर दोषारोपण करना व अन्य निराधार साजिशें रचना व आरोप लगाना और अपनी छवि बचाने के लिए भाजपा पर दोषारोपण करना। आत्ममूल्यांकन, फीडबैक और जिम्मेदारी से भागने का कांग्रेस का माडल पुराना है।

    नाच न जाने आंगन टेढ़ा वाले हैं राहुल: मनोहर लाल

    केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल का कहना है कि राहुल गांधी की स्थिति नाच न जाने आंगन टेढ़ा जैसी है। उन्हें काम करना नहीं आता। चुनाव में जब कांग्रेस को कुछ नहीं मिलता तो अपनी थाली छोड़कर दूसरे की थाली में देखना शुरू करते हैं।