Updated: Tue, 02 Sep 2025 06:41 PM (IST)
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब और जम्मू-कश्मीर में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए 10 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भेजी है। दोनों राज्यों को पांच-पांच करोड़ रुपये दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार हर संभव मदद करेगी और इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर राहत सामग्री भी भेजी जाएगी।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जहां अपने राज्य में भारी बारिश, प्राकृतिक आपदा और बाढ़ के हालात से निपटने के लिए निरंतर अधिकारियों की बैठकें ले रहे हैं, वहीं पड़ोसी धर्म निभाते हुए उन्होंने पंजाब व जम्मू-कश्मीर के लोगों की मदद के लिए 10 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता राशि भिजवाई है।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
पंजाब व जम्मू-कश्मीर सरकारों को पांच-पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भेजी गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को भेजे अलग-अलग पत्रों में आर्थिक सहायता राशि भिजवाए जाने की सूचना दी है।
साथ ही कहा है कि यदि किसी तरह की राहत सामग्री अथवा सहायता की जरूरत रहेगी तो आपके राज्यों के मुख्य सचिव हमारे मुख्य सचिव से बात कर हमें निसंकोच इसकी सूचना दे सकेंगे। सूचना मिलते ही हरियाणा की ओर से अपेक्षित राहत सामग्री प्रेषित करा दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों को लिखे पत्रों में कहा कि भारी वर्षा से उत्पन्न हुई कठिन परिस्थितियों में हरियाणा सरकार एवं हमारे राज्य की जनता पूरी संवेदना के साथ साथ लोगों तक शीघ्र सहायता पहुंचाने के आपके प्रयासों के साथ खड़ी है।
बता दें कि यह राशि भिजवाने के बाद केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने भी करनाल में दोनों राज्यों को 10 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भेजे जाने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि पंजाब और जम्मू-कश्मीर में आई भीषण बारिश व बाढ़ से उत्पन्न हालात बेहद दुखदायी हैं।
मुख्यमंत्री राहत कोष से पंजाब और जम्मू-कश्मीर के लिए भेजी गई मदद राहत और बचाव कार्यों में सहायक होगी और प्रभावित परिवारों तक त्वरित सहायता पहुंचाने में मदद करेगी। हरियाणा सरकार का यह प्रयास है कि ज़रूरत पड़ने पर आगे भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
हम सभी प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाते हैं कि हरियाणा उनकी सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेगा। इस कठिन समय में हम सब मिलकर इस आपदा का सामना करेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर एकजुट होकर इस संकट को पार करेंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।