हरियाणा के लोगों के लिए खुशखबरी! 15 साल बाद नवंबर में होंगे ओलंपिक खेल; CM सैनी ने दी मंजूरी
हरियाणा में 15 साल बाद नवंबर में ओलंपिक खेल होंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा ओलंपिक संघ को अनुमति दे दी है। संघ खेल कैलेंडर बनाने में जुट गया है। मुख्यमंत्री खेलों का उद्घाटन करेंगे। खिलाड़ियों के प्रमाण पत्रों पर माता-पिता का नाम और आधार नंबर होगा जिससे फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी। 75 गांवों में व्यायामशालाएं शुरू होंगी।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में करीब 15 साल के लंबे अंतराल के बाद नवंबर माह में ओलंपिक खेल होंगे। हरियाणा ओलंपिक संघ के पदाधिकारियों ने मंगलवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर ओलंपिक खेलों के आयोजन की पूरी तैयारी की जानकारी दी। मुख्यमंत्री नो राज्य ओलंपिक संघ को नवंबर माह में खेलों के आयोजन की अनुमति प्रदान कर दी है।
मुख्यमंत्री की अनुमति मिलने के बाद हरियाणा ओलंपिक संघ अब खेलों का खेल कैलेंडर तैयार करने में जुट गया है। इससे राज्य की खेल प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच प्रदान होगा। हरियाणा ओलंपिक संघ के अध्यक्ष कप्तान जसविंद्र मीनू बेनीवाल और प्रधान महासचिव व कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात कर खेलों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
मुलाकात के बाद पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी नवंबर माह में खुद ओलंपिक खेलों का उद्घाटन करेंगे। खेलों में फर्जीवाड़े पर रोक लगाने के लिए हरियाणा ओलंपिक संघ पहले ही बड़ा निर्णय ले चुका है। अब खिलाड़ियों को मिलने वाले खेल सर्टिफिकेट पर उनके माता-पिता का नाम, आधार कार्ड नंबर और जन्मतिथि अंकित होगी। इससे प्रमाण पत्रों के गलत इस्तेमाल और फर्जी प्रमाण पत्र बनने की आशंका खत्म हो जाएगी।
मुख्यमंत्री से हुई चर्चा में आगामी खेल योजनाओं का जिक्र हुआ है। पंचायत मंत्री के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से गांधी जयंती दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा चलाया जाएगा। इस दौरान 75 गांवों में व्यायामशालाएं शुरू की जाएंगी। 75 गांवों में इनडोर स्टेडियम बनाने की दिशा में भी कदम बढ़ेंगे। व्यापक स्वच्छता अभियान और सामाजिक गतिविधियां हरियाणा ओलंपिक संघ की ओर से चलाई जाएंगी।
हरियाणा ओलंपिक संघ के अध्यक्ष मीनू बेनीवाल ने कहा कि राज्य के खिलाड़ी लंबे समय से खेलों में अपनी अलग पहचान रखते हैं। ओलंपिक और एशियाई खेलों में यहां के खिलाड़ी देश को मेडल दिलाते हैं। ऐसे में करीब 15 साल बाद होने जा रहे हरियाणा ओलंपिक खेलों से युवाओं में खेलों के प्रति नया जोश और उत्साह देखने को मिलेगा।
बेनीवाल ने कहा कि इस आयोजन से राज्य भर के खिलाड़ियों को प्रतियोगिता का बड़ा मंच मिलेगा और उनकी प्रतिभा निखर कर सामने आएगी। मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में होने जा रहे इस आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और खेल संघों में उत्साह है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।