हरियाणा को भले ही पानी नहीं मिल रहा... बाढ़ ग्रस्त पंजाब की मदद करने पर राज्यपाल ने की CM नायब सैनी की सराहना
सतलुज-यमुना लिंक नहर के मुद्दे पर मतभेद होने के बावजूद हरियाणा ने पंजाब में बाढ़ आने पर तुरंत सहायता प्रदान की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के इस कदम की सराहना हो रही है। राज्यपाल असीम कुमार घोष ने भी मुख्यमंत्री के प्रयासों की प्रशंसा की और कहा कि हरियाणा ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर मानवता दिखाई है।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। सतलज-यमुना लिंक (एसवाइएल) नहर से हरियाणा के हिस्से का पंजाब भले ही नहीं दे रहा हो, लेकिन जब पंजाब में बाढ़ के रूप में आपदा आई तो हरियाणा ने सबसे पहले मदद के लिए हाथ बढ़ाए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के इस कदम की सभी ओर तारीफ हो रही है।
हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने भी इसके लिए मुख्यमंत्री की प्रशंसा की है। दरअसल राज्यपाल और मुख्यमंत्री शुक्रवार को उपराष्ट्रपति पद के लिए होने वाले शपथ समारोह में शामिल होने के लिए नई दिल्ली आए थे।
मुख्यमंत्री गुरुग्राम से रात में हरियाणा भवन पहुंचे। वहीं राज्यपाल देर शाम ही हरियाणा भवन आ गए थे। सुबह दोनों ने एक साथ बैठकर नाश्ता किया फिर शपथ समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे। नाश्ते के दौरान दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक प्रदेश को लेकर बातचीत हुई।
मुख्यमंत्री ने बाढ़ग्रस्त इलाके को लिए किस तरह से राहत कार्य युद्ध स्तर पर किए गए और बताया कि बाढ़ से पीड़ित किसानों तथा लोगों को सहायता राशि देने का कार्य भी आरंभ कर दिया गया है।
पंजाब की मदद करने की बात भी सीएम ने बताई तो राज्यपाल ने कहा दलगत राजनीति से हट कर नेक कार्य किया गया। अच्छी बात तो यह कि हरियाणा ने वहां के लोगों की मदद करने में देर नहीं लगाई। इस बात की जितनी सराहना की जाए कम है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।