बाढ़ से बचाव के लिए हरियाणा सरकार की बड़ी पहल, उपायुक्तों के पास भेजे गए 1.49 करोड़ रुपये
हरियाणा सरकार ने बाढ़ राहत कार्यों के लिए 1.49 करोड़ रुपये जारी किए हैं। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की वित्तायुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि यह राशि मानसून से पहले बाढ़ से बचाव के उपायों के लिए जारी की गई है। उपायुक्तों को ग्रामीण क्षेत्रों में जल निकासी भोजन वस्त्र वितरण और चारा आपूर्ति के लिए 99 लाख रुपये दिए गए हैं।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने राज्य में बाढ़ राहत के कार्यों के लिए 1.49 करोड़ की राशि जारी की है। हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की वित्तायुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार ने मानसून सीजन से पहले बाढ़ राहत उपाय करने के लिए सभी उपायुक्तों और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को इस राशि का सदुपयोग करने के लिए कहा है। हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बाढ़ राहत से बचाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए अधिकारियों की बैठक ली थी।
डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि कुल राशि में से 99 लाख रुपये सभी उपायुक्तों को ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ से निपटने की तैयारियों के लिए जारी कर दिए गए हैं। इन निधियों का उपयोग जल निकासी, भोजन और वस्त्र वितरण तथा चारा आपूर्ति इत्यादि के लिए किया जाएगा। इसका उद्देश्य मानसून से संबंधित समस्याओं का सक्रियता से समाधान करना और आपात स्थितियों को उत्पन्न होने से पहले रोकना है।
इसके अतिरिक्त, शहरी क्षेत्रों में जलभराव से निपटने और भारी वर्षा की चुनौतियों का प्रबंधन करने के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को 50 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस निधि से विभाग प्रभावी जल निकासी समाधान लागू करने और शहरों को संभावित बाढ़ से बचाने में सक्षम होगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।